छत्तीसगढ़

लोकतंत्र को कमजोर करने और अराजकता फैलाने वालों के खिलाफ भाजपा ने निकाली लोकतंत्र बचाओ – अराजकता हटाओ पदयात्रा

00 भारत दुनिया का सबसे बड़ा लोकतांत्रिक देश, लोकतंत्र की जननी है हमारा देश : साय
रायपुर। भाजपा रायपुर जिला द्वारा आज राजधानी रायपुर के सुभाष स्टेडियम में आयोजित लोकतंत्र बचाओ – अराजकता हटाओ पदयात्रा एवं विशाल रैली 10,000 से अधिक लोगों ने हिस्सा लिया। रैली विपक्ष द्वारा फैलाए जा रहे भ्रम के विरोध में निकाली गई, जिसमें रायपुर शहर की जनता आक्रोशित नजर आई और विपक्ष द्वारा फैलाए जा रहे भ्रम पर अपनी तीखी प्रतिक्रिया भी व्यक्त की। विपक्ष द्वारा लोकतंत्र, संविधान और संवैधानिक संस्थाओं को लेकर फैलाया जा रहा भ्रम पूरी तरह झूठा और जनता को गुमराह करने वाला है। जनता अब विपक्ष के इस भ्रमजाल में आने वाली नहीं है, क्योंकि देश की जनता जानती है कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी जी के नेतृत्व में देश का लोकतंत्र पूरी तरह सुरक्षित है और संविधान की रक्षा के लिए भाजपा पूरी तरह प्रतिबद्ध है।

मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने सभा को संबोधित करते हुए कहा कि कांग्रेस और आईएनडीआई गठबंधन के लोग सरकार में बैठने और प्रधानमंत्री बनने की लालसा में प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी जी का विरोध करते-करते अब पूरे देश का विरोध करने पर उतारू हो गए हैं और देश में अराजकता फैलाकर जनता द्वारा चुनी हुई सरकार को गिराने का प्रयास कर रहे हैं, लेकिन भारत विश्व का सबसे बड़ा लोकतंत्र है, लोकतंत्र की जननी है, दुनिया के सभी देश हमारे लोकतंत्र की सराहना करते हैं। उन्होंने कहा कि जब ये चुनाव हार जाते हैं तो कभी ईवीएम में दोष लगाते हैं, कभी चुनाव आयोग में दोष लगाते हैं। जब जीत जाते हैं तो वही चुनाव आयोग उन्हें अच्छा लगने लगता है। कांग्रेस का यही दोहरा चरित्र उसकी हताशा को दर्शाता है।

साय ने कहा कि कांग्रेस और आईएनडीआई गठबंधन के लोग भाजपा-एनडीए के ऊपर वोट चोरी और लोकतंत्र की हत्या का आरोप लगाते हैं, जबकि खुद कांग्रेस का इतिहास ही लोकतंत्र की हत्या का इतिहास है। उन्होंने कहा कि मैं आपको बताना चाहता हूँ, जब देश आजाद हुआ और प्रधानमंत्री चुनने की बात आई, उस समय कांग्रेस के 12 नेता सरदार वल्लभभाई पटेल जी के पक्ष में थे। पंडित जवाहरलाल नेहरू जी के पक्ष में एक भी नेता नहीं था। इसके बावजूद पंडित जवाहरलाल नेहरू जी को प्रधानमंत्री बना दिया गया। तो असली वोट चोर कौन हुआ? वोट चोर कांग्रेस है। उन्होंने कहा कि भाजपा के पूर्व राष्ट्रीय अध्यक्ष जे.पी. नड्डा जी के नेतृत्व में पूरे प्रदेश में और हर जिला-जिला में लोकतंत्र बचाओ – अराजकता हटाओ पदयात्रा का आयोजन हो रहा है, ताकि जनता के सामने कांग्रेस की अराजक मानसिकता का सच लाया जा सके।

148 करोड़ जनता लोकतंत्र, संविधान और संवैधानिक संस्थाओं की रक्षा के लिए सजग खड़ी है – देव
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष किरण देव ने कहा कि आज रायपुर की इस पावन भूमि पर लोकतंत्र बचाओ – अराजकता हटाओ पदयात्रा का आयोजन केवल एक कार्यक्रम नहीं, बल्कि लोकतंत्र, संविधान और संवैधानिक संस्थाओं की रक्षा का महाअभियान है। उन्होंने कहा कि एक राजनीतिक दल अपने अस्तित्व के संकट से गुजर रहा है। आजादी के बाद जिस दल का पूरे देश में शासन हुआ करता था, आज वह गिने-चुने तीन-चार राज्यों में ही सिमट कर रह गया है। जनविरोधी नीतियां और देशविरोधी सोच आज उस दल का आवश्यक अंग बन चुकी हैं। लेकिन भारत में लोकतंत्र की जड़ें अत्यंत मजबूत हैं, यहां 148 करोड़ जनता लोकतंत्र, संविधान और संवैधानिक संस्थाओं की रक्षा के लिए सजग खड़ी है। उन्होंने कहा कि जब कांग्रेस चुनाव हार जाती है तो कभी ईवीएम में दोष लगाती है, कभी चुनाव आयोग में दोष लगाती है, लेकिन जब जीत जाती है तो वही चुनाव आयोग उसे अच्छा लगने लगता है, यही कांग्रेस का दोहरा चरित्र है और यही उसकी हताशा को दर्शाता है, जबकि देश की जनता ने जनविरोधी और देशविरोधी राजनीति को हमेशा नकारा है और आगे भी नकारेगी।

कुछ तत्व विश्व के सबसे बड़े लोकतंत्र भारत को अस्थिर करने का षड्यंत्र रच रहे हैं – बृजमोहन
भाजपा सांसद बृजमोहन अग्रवाल ने कहा कि कुछ तत्व प्रजातंत्र को संकट में डालकर विश्व के सबसे बड़े लोकतंत्र भारत को अस्थिर करने का षड्यंत्र रच रहे हैं। उन्होंने कहा कि विदेशों से कुछ समूहों और नेताओं के द्वारा भारत को नेपाल बना देने, बांग्लादेश बना देने की धमकियां दी जा रही हैं। देश की जनता इस अराजक मानसिकता को कभी स्वीकार नहीं करेगी। उन्होंने कहा कि भारत में लोकतंत्र की जड़ें अत्यंत मजबूत हैं। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी जी को देश की जनता पलकों पर बिठाकर रखती है, उन्हें अपना प्यार और समर्थन देती है। देश को अराजकता की ओर धकेलने वालों के मंसूबे कभी पूरे नहीं होंगे।

भाजपा रायपुर जिले द्वारा आज राजधानी रायपुर के सुभाष स्टेडियम में आयोजित ‘लोकतंत्र बचाओ – अराजकता हटाओ रैली एवं पदयात्रा ऐतिहासिक रूप से सफल रही। यह रैली रायपुर शहर जिला अध्यक्ष रमेश सिंह ठाकुर एवं रायपुर ग्रामीण जिला अध्यक्ष श्याम नारंग के नेतृत्व में निकाली गई, जिसमें हजारों की संख्या में कार्यकर्ता, पदाधिकारी एवं आमजन शामिल हुए और रैली को सफल बनाया। रैली में कैबिनेट मंत्री टंकराम वर्मा, गुरु खुशवंत साहेब, प्रदेश महामंत्री अखिलेश सोनी, विधायक राजेश मूणत, मोतीलाल साहू, पुरंदर मिश्रा, सुनील सोनी, अनुज शर्मा, इंद्र कुमार साहू, महापौर मीनल चौबे, रायपुर शहर जिला प्रभारी राजेंद्र शर्मा, रायपुर ग्रामीण जिला प्रभारी सुरेंद्र पाटनी, मंडल अध्यक्ष, मोर्चा-प्रकोष्ठ के पदाधिकारी, जनप्रतिनिधि, भाजपा पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता व 10 हजार से अधिक संख्या में आमजन मौजूद रहे।

Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button