खेल

2027 वर्ल्ड कप खेलेगा, टीम का कप्तान भी बनेगा, चेले अभिषेक से युवराज को हैं खासी उम्मीदें

नई दिल्ली: भारतीय क्रिकेट के पूर्व ऑलराउंडर युवराज सिंह को अपने शिष्य अभिषेक शर्मा की जमकर तारीफ की है। युवराज का मानना है कि अभिषेक 2027 का वनडे विश्व कप खेल सकते हैं। हालांकि, मैनेजमेंट ने अब तक उन्हें किसी भी वनडे मैच में नहीं आजमाया है। युवराज के अनुसार अभिषेक शर्मा भारतीय टीम के लिए एक अच्छे कप्तान भी बन सकते हैं। युवराज का मानना है कि अभिषेक में टीम के युवा खिलाड़ियों को साथ लेकर चलने और उन्हें प्रोत्साहित करने की क्षमता है। उन्होंने अभिषेक को वनडे क्रिकेट में भी मौका देने की बात कही। उन्होंने कहा कि अभिषेक लंबे समय से टी20 क्रिकेट में लगातार अच्छा प्रदर्शन कर रहे हैं और अब उन्हें 50 ओवर के फॉर्मेट में भी अपनी प्रतिभा दिखाने का अवसर मिलना चाहिए।

मुंबई में एक कार्यक्रम के दौरान युवराज सिंह ने अभिषेक की नेतृत्व क्षमता पर बात की। उन्होंने कहा कि अभी यह कहना जल्दबाजी होगी कि अभिषेक भविष्य में कप्तान बन सकते हैं या नहीं, लेकिन उनमें एक अच्छे लीडर की सभी खूबियां मौजूद हैं। युवराज ने खास तौर पर वैभव सूर्यवंशी के साथ अभिषेक के व्यवहार की तारीफ की। उन्होंने कहा कि अभिषेक जिस तरह युवा खिलाड़ियों को प्रोत्साहित करते हैं, उनके कंधे पर हाथ रखकर हौसला बढ़ाते हैं, वह एक सीनियर खिलाड़ी और लीडर की अच्छी पहचान है।

आईपीएल कप्तानी से मिलेगा अनुभव

युवराज का मानना है कि अगर अभिषेक भविष्य में भारतीय टीम की कप्तानी करना चाहते हैं तो उन्हें पहले आईपीएल में किसी टीम की कप्तानी संभालनी चाहिए। उनके मुताबिक, फ्रेंचाइजी क्रिकेट में कप्तानी करने से दबाव में फैसले लेने और खिलाड़ियों को संभालने का अनुभव मिलता है। उन्होंने कहा कि आईपीए टीम की कप्तानी करने से वह आत्मविश्वास हासिल होगा, जो आगे चलकर भारतीय टीम की अगुवाई करने में काम आ सकता है। हालांकि, युवराज ने यह भी साफ किया कि अभिषेक कप्तान बनें या नहीं, वह एक शानदार व्हाइट बॉल क्रिकेटर जरूर बनेंगे।

वनडे टीम में भी जगह देने की पैरवी

युवराज ने अभिषेक शर्मा को वनडे क्रिकेट में मौका देने की भी बात कही। उनका कहना है कि अभिषेक लंबे समय से सीमित ओवरों के क्रिकेट में लगातार रन बना रहे हैं। ऐसे में उन्हें 50 ओवर के फॉर्मेट में खेलने का अवसर मिलना चाहिए। युवराज ने कहा कि अभिषेक 35 रन बनाएं, 100 रन बनाएं या 31 रन, महत्वपूर्ण बात यह है कि वह लगातार प्रदर्शन कर रहे हैं। उन्होंने यह भी माना कि अभिषेक को गेंदबाजी और फील्डिंग में सुधार की जरूरत हो सकती है, लेकिन इन क्षेत्रों में सुधार का मौका तभी मिलेगा, जब उन्हें वनडे टीम में खेलने का अवसर दिया जाएगा।

वर्ल्ड कप से पहले मिले मौका

युवराज ने कहा कि टीम में जगह बनाने के लिए काफी प्रतिस्पर्धा है और कई बड़े खिलाड़ी पहले से मौजूद हैं। इसके बावजूद अगर अभिषेक लगातार अच्छा प्रदर्शन कर रहे हैं तो उन्हें वर्ल्ड कप तक 50 ओवर के क्रिकेट में अपनी जगह बनाने का मौका मिलना चाहिए।

वैभव सूर्यवंशी के साथ 133 रन की साझेदारी ने जीता दिल

न्यूजीलैंड के खिलाफ वेलिंगटन में खेले गए तीसरे टी20 मुकाबले में अभिषेक शर्मा और वैभव सूर्यवंशी ने पहले विकेट के लिए महज 7.1 ओवर में 133 रन जोड़ दिए थे। अभिषेक ने 35 गेंदों पर शतक जड़ा, जबकि वैभव ने 19 गेंदों पर 45 रन बनाए। युवराज को इस साझेदारी के दौरान अभिषेक का व्यवहार काफी पसंद आया। उन्होंने देखा कि अभिषेक ने युवा वैभव की मदद की और खुद के प्रदर्शन के बजाय टीम के स्कोर का ध्यान रखा। इससे पहले आईपीएल एलिमिनेटर में भी जब वैभव सूर्यवंशी 97 रन बनाकर शतक से चूक गए थे, तब अभिषेक ने सबसे पहले उनके पास जाकर हौसला बढ़ाया था। युवराज के मुताबिक, यही व्यवहार एक अच्छे सीनियर खिलाड़ी और लीडर की पहचान है।

गोल्फ खेलने की आदत भी युवराज ने ही डाली

अभिषेक शर्मा की बल्लेबाजी के साथ उनकी गोल्फ में भी दिलचस्पी है। युवराज सिंह ने बताया कि कोविड महामारी के दौरान उन्होंने ही अभिषेक को गोल्फ खेलना सिखाया था। इसके बाद से अभिषेक इस खेल में काफी रुचि लेने लगे। युवराज के मुताबिक, उन्होंने अभिषेक को क्रिकेट से ब्रेक लेने और मानसिक रूप से तरोताजा रहने के लिए गोल्फ से जोड़ा था। अभिषेक अक्सर युवराज के साथ चंडीगढ़ और नई दिल्ली के गोल्फ कोर्स में नजर आते हैं। पूर्व विकेटकीपर किरण मोरे का भी मानना है कि गोल्फ से अभिषेक की बल्लेबाजी को फायदा मिला है। इससे बैट स्विंग, सिर की पोजिशन, एकाग्रता और गलतियों से सीखने की क्षमता बेहतर होती है।

Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button