कैसे हुआ हादसा? कब हेलिकॉप्टर से टूटा संपर्क, कौन-कौन थे सवार, जोशीमठ क्रैश की पूरी टाइमलाइन

Joshimath Helicopter Crash: उत्तराखंड के जोशीमठ में 30 अक्टूबर शुक्रवार को एक हेलिकॉप्टर हादसे का शिकार हो गया. बताया जा रहा है कि पायलट समेत 6 लोगों को ले जा रहा हेलिकॉप्टर खराब मौसम की वजह से क्रैश हो गया. ये हादसा पांडुकेश्वर गांव के ऊपर बताया जा रहा है. बताया जा रहा है कि इस हेलिकॉप्टर पर सवार सभी 6 लोगों की मौत हो गई है. हालांकि, अभी इसकी आधिकारिक पुष्टि होनी बाकी है.
दरअसल, बदरीनाथ धाम से देहरादून के सहस्रधारा के लिए उड़ान भरने वाला ट्रांस भारत एविएशन प्राइवेट लिमिटेड का हेलीकॉप्टर शुक्रवार दोपहर लापता हो गया. उत्तराखंड नागरिक उड्डयन विकास प्राधिकरण (UCADA) की ओर बताया कि हेलीकॉप्टर दोपहर करीब 1:14 बजे बदरीनाथ से सहस्रधारा के लिए रवाना हुआ था. जोशीमठ घाटी के ऊपर उड़ान के दौरान हेलीकॉप्टर का संपर्क टूट गया. इसके बाद ट्रैकिंग सिस्टम से भी उसकी लोकेशन का पता नहीं चल पाया है.
जोशीमठ हेलीकॉप्टर हादसा: पायलट समेत सभी छह लोगों के शव बरामद
हेलीकॉप्टर दुर्घटना में पायलट सहित सभी छह व्यक्तियों के शव बरामद कर लिए गए हैं. घटनास्थल पर पुलिस, एसडीआरएफ और सेना की संयुक्त टीमें रेस्क्यू अभियान चला रही हैं. हादसे का स्थान दुर्गम होने के कारण सभी शवों को वहां से सड़क मार्ग तक पहुंचाने के लिए लगातार राहत एवं बचाव कार्य जारी है. रेस्क्यू टीमें चुनौतीपूर्ण परिस्थितियों के बीच शवों को सुरक्षित बाहर निकालने में जुटी हैं.
हरिद्वार में पूर्व मुख्यमंत्री हरीश रावत ने हेलीकॉप्टर क्रैश की घटना पर दुख जताते हुए कहा कि यात्रियों को सुरक्षित यात्रा उपलब्ध कराना हमारा राजधर्म है, लेकिन उत्तराखंड में हेली यात्राएं सुरक्षित नहीं हैं. उन्होंने हेलीकॉप्टर हादसों को लेकर चिंता जताई और सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल उठाए. हरीश रावत बाबा रामदेव से मुलाकात करने के लिए पतंजलि आयुर्वेद विश्वविद्यालय पहुंचे थे, जहां उन्होंने यह प्रतिक्रिया दी.
हेलिकॉप्टर एजेंसी के उड़ान पर लगी रोक
ताते चलें कि जोशीमठ हेलिकॉप्टर क्रैश के बाद उत्तराखंड नागरिक उड्डयन विकास प्राधिकरण (UCADA) ने ट्रांस भारत एवियशन प्राइवेट लिमिटेड के हेलीकॉप्टर को ग्राउंड कर दिया है यानी कि उसके फिलहाल उड़ान पर रोक लगा दी गई है.



