मुंबई में तकनीकी खराबी से लोकल ट्रेनों का संचालन गड़बड़ाया, इंतजार के बाद यात्री ट्रैक पर चलने को हुए मजबूर

मुंबई: मुंबई में मुलुंड और ठाणे स्टेशनों के बीच ओवरहेड केबल पर तार लटके मिलने के कारण सेंट्रल रेलवे की लोकल ट्रेन सेवाएं बाधित हो गईं हैं। यात्रियों को मुलुंड और नाहुर के बीच पटरियों पर चलते देखा गया। सेंट्रल रेलवे के CPRO स्वप्निल नीला ने कांजुरमार्ग में सिग्नल फेल होने की घटना की पुष्टि की है। उन्होंने कहा है कि इसके कारण विक्रोली और भांडुप के बीच सेंट्रल रेलवे का परिचालन बाधित हो गया था।
सेंट्रल लाइन में आई खराबी
कुछ रिपोर्ट्स में कहा गया है कि मुंबई की सेंट्रल लाइन में प्रॉब्लम आने से लोकल ट्रेनों का संचालन रुका। बड़ी संख्या में यात्रियों को ट्रैक पर चलते हुए देखा जा रहा है। मुंबई में लोकल से लाखों लोग प्रतिदिन सफर करते हैं। आर्थिक नगरी में यह परिवहन का सबसे बड़ा साधन है। यह छत्रपति शिवाजी महाराज टर्मिनस (CSMT) से शुरू होकर कसारा और खोपोली तक जाती है। कल्याण जंक्शन पर आकर यह दो हिस्सों (कसारा रूट और कर्जत-खोपोली रूट) में बंट जाती है।
तार हटाने का काम जारी
सेंट्रल रेलवे के मुंबई डीआरएम ने एक्स पर लिखा है कि कांजुरमार्ग में एक तार हटाने के लिए OHE ब्लॉक और रिले रूम में धुआं निकलने की घटना के कारण, ट्रेन सेवाएं प्रभावित हुई हैं और गाड़ियां अपने निर्धारित समय से देरी से चल रही हैं। यात्रियों से अनुरोध है कि कृपया इस असुविधा के लिए धैर्य रखें। उन्होंने कहा है कि हुई असुविधा के लिए हमें खेद है। सोमवार को अचानक सुबह लोकल के ठप पड़ने से लोगों को दिक्कत हुई। दफ्तर और काम पर जाने वाले हजारों यात्रियों को भारी परेशानी का सामना करना पड़। ट्रेनें लेट हो गई। एक साथ दो तकनीकी गड़बड़ी ने लोकल पर संचालन को बुरी तरह से प्रभावित किया।
एक साथ दो जगह आई खराबी
- सुबह 9:23 बजे मुलुंड और ठाणे स्टेशनों के बीच डाउन स्लो लाइन पर ओवरहेड इक्विपमेंट (ओएचई) का तार लटक गया था।
- कांजुरमार्ग स्टेशन के साथ-साथ विक्रोली और भांडुप के बीच सिग्नल प्रणाली में खराबी आ गई थी।
- इस कारण सेंट्रल लाइन पर लोकल ट्रेनें 15 से 60 मिनट तक की देरी से चलीं और कई यात्री मजबूरी में पटरियों पर चलकर सफर करने को मजबूर हुए।
- रेलवे प्रशासन ने सुबह 10 बजे पावर ब्लॉक लेकर तार हटाने का काम शुरू किया, जो सुबह 10:48 बजे पूरा हुआ और धीरे-धीरे यातायात सामान्य किया जा रहा है।



