राष्ट्रीय

वाराणसी में Indian Air Force का एयर शो, PM Modi ने नमो घाट पर देखा शानदार हवाई प्रदर्शन

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने वाराणसी दौरे पर मिर्जामुराद में अरविंद लिमिटेड की परिधान इकाई का उद्घाटन किया, जिससे महिलाओं के लिए रोजगार के अवसर बढ़ेंगे। इसके बाद उन्होंने नमो घाट पर भारतीय वायुसेना के भव्य एयर शो को देखा। इस दौरान उनके साथ मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ और रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह भी मौजूद रहे।

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी रविवार को अपने संसदीय क्षेत्र वाराणसी के नमो घाट पहुंचे, जहां उन्होंने भारतीय वायुसेना के एयर शो में आस्था और देशभक्ति का शानदार मेल देखा। वायुसेना के 94वें स्थापना दिवस के मौके पर आयोजित इस एयर शो में पीएम मोदी वायुसेना की टोपी और काला चश्मा पहने नजर आए। इस दौरान उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ, राज्यपाल आनंदीबेन पटेल और रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह भी मौजूद रहे।

आसमान में बना तिरंगा, ओंकार की आकृति

वायुसेना के अधिकारियों ने बताया कि एयर शो के दौरान तीन किरण विमानों ने अंग्रेजी के अक्षर ‘वी’ के आकार में उड़ान भरी। इस दौरान आसमान में तिरंगे के रंगों की खूबसूरत छटा दिखाई दी। वहीं, एक एमआई-17 हेलीकॉप्टर ने ‘ओंकार’ की आकृति बनाते हुए राष्ट्रीय ध्वज के साथ उड़ान भरी। प्रधानमंत्री मोदी एयर शो के तीसरे और आखिरी दिन के कार्यक्रम में शामिल होने के लिए नमो घाट पहुंचे थे। उनके पहुंचने पर काशी के लोगों में खासा उत्साह देखने को मिला।

सुखोई और तेजस ने भी दिखाया दम

वायुसेना के अधिकारियों के मुताबिक, हवाई प्रदर्शन में सुखोई-30 एमकेआई और स्वदेशी तेजस जैसे लड़ाकू विमानों ने भी हिस्सा लिया। सूर्य किरण हवाई करतब दल ने आसमान में अलग-अलग आकृतियां बनाते हुए शानदार और एक साथ उड़ान का प्रदर्शन किया। वहीं, सारंग हेलीकॉप्टर प्रदर्शन दल ने भी अपने हवाई करतबों से दर्शकों का दिल जीत लिया।

एयर शो से पहले पीएम मोदी ने परिधान इकाई का उद्घाटन किया

एयर शो में शामिल होने से पहले प्रधानमंत्री मोदी ने वाराणसी के मिर्जामुराद क्षेत्र में अरविंद लिमिटेड की नई परिधान बनाने वाली इकाई का उद्घाटन किया।अधिकारियों के मुताबिक, इस परियोजना का मकसद क्षेत्र में उद्योग को बढ़ावा देना और भारत में कपड़े और परिधान बनाने के काम को मजबूत करना है। इस मौके पर प्रधानमंत्री ने 300 महिलाओं से बातचीत भी की।

अधिकारियों ने बताया कि नई इकाई से खास तौर पर महिलाओं के लिए रोजगार के मौके बढ़ने और स्थानीय स्तर पर आर्थिक गतिविधियों को बढ़ावा मिलने की उम्मीद है। साथ ही, वाराणसी में बने कपड़ों को विदेशी ग्राहकों तक पहुंचाने में भी इस इकाई की अहम भूमिका हो सकती है।

एयरपोर्ट से नमो घाट तक पीएम मोदी का जोरदार स्वागत

प्रधानमंत्री मोदी रविवार सुबह वाराणसी के लाल बहादुर शास्त्री अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पहुंचे। वहां से हेलीकॉप्टर के जरिए मिर्जामुराद गए और परिधान बनाने वाली इकाई का उद्घाटन किया। इसके बाद वह हेलीकॉप्टर से पुलिस लाइन पहुंचे और वहां से सड़क के रास्ते नमो घाट गए। भाजपा के एक पदाधिकारी ने बताया कि पुलिस लाइन से नमो घाट जाते समय रास्ते में जगह-जगह प्रधानमंत्री का जोरदार स्वागत किया गया।

सेवाखोजें

बड़ी संख्या में भाजपा कार्यकर्ताओं और काशी के लोगों ने गुलाब की पंखुड़ियां बरसाईं। पारंपरिक वाद्ययंत्र बजाए गए और सांस्कृतिक कार्यक्रमों के जरिए प्रधानमंत्री का स्वागत किया गया। सड़क के दोनों ओर खड़े लोगों ने ‘हर हर महादेव’ और ‘जय श्री राम’ के नारे लगाए। मोदी ने भी वाहन के पायदान पर खड़े होकर हाथ हिलाते हुए लोगों का अभिवादन स्वीकार किया।

पदाधिकारी के मुताबिक, पुलिस लाइन के मुख्य द्वार, पुलिस लाइन चौराहे, खजूरी-मकबूल आलम रोड पर यस बैंक के सामने, हुकुलगंज तिराहे, चौकाघाट लकड़ी मंडी, सिटी स्टेशन के सामने, गोलगड्डा चौराहा रेल अंडरपास और नमो घाट मोड़ स्थित सीएनजी केंद्र के सामने भाजपा कार्यकर्ताओं और काशी के लोगों ने प्रधानमंत्री का स्वागत किया।

Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button