अमेरिका की टॉप यूनिवर्सिटी का Phd हॉल्डर 2 साल से बेरोजगार, 2300 कंपनियों ने किया रिजेक्ट

Trending: अमेरिका की टॉप यूनिवर्सिटी प्रिंसटन से पीएचडी करने वाले 30 साल के जैक वीस आज बेरोजगार हैं. साल 2024 में अपनी पढ़ाई पूरी करने के बाद से वे अब तक 2300 से ज्यादा कंपनियों में नौकरी के लिए फॉर्म भर चुके हैं, लेकिन उन्हें कहीं काम नहीं मिला है. पढ़ाई में वे इतने तेज हैं कि उनकी एक रिसर्च की तारीफ खुद नोबेल कमेटी भी कर चुकी है. फिर भी जॉब नहीं मिलने के कारण अब वे अपने माता-पिता के साथ अपने बचपन के घर में रह रहे हैं.
दवा बनाने से लेकर केक फैक्ट्री तक में मांगा काम
द वॉल स्ट्रीट जर्नल की एक रिपोर्ट के मुताबिक, जैक ने केमिकल इंजीनियरिंग में डॉक्टरेट करने के बाद सबसे पहले बड़ी दवा कंपनियों और लैब्स में नौकरी तलाशी थी. लेकिन जब वहां से कोई जवाब नहीं आया, तो उन्होंने सॉफ्टवेयर इंजीनियरिंग से लेकर फ्रोजन केक बनाने वाली कंपनी में भी काम मांगा. अपने पुराने कॉलेज के साथियों से भी बात की, लेकिन उन्हें सिर्फ जॉब साइट्स चेक करते रहने की ही सलाह मिली.
एक काम मिला, लेकिन मैसेज भेजकर निकाल दिया
रिपोर्ट के मुताबिक, काफी धक्के खाने के बाद, जनवरी 2026 में जैक को एक स्टार्टअप में एआई ट्रेनिंग देने की पार्ट टाइम जॉब मिली थी. वहां उन्हें एक घंटे के 70 डॉलर मिलते थे. लेकिन काम के घंटे फिक्स्ड नहीं थे. कभी उन्हें हफ्ते में 20 घंटे काम मिलता, तो कभी सिर्फ 4 घंटे. कुछ समय बाद काम मिलना ही बंद हो गया और मार्च में एक ग्रुप चैट पर मैसेज भेजकर उन्हें नौकरी से भी निकाल दिया गया.
हमेशा टॉपर रहे, आज हालत देख माता-पिता भी हैरान
जैक बचपन से ही पढ़ाई में टॉपर रहे हैं. साल 2018 में प्रिंसटन यूनवर्सिटी जाने से पहले वीस ने सर्वोच्च सम्मान के साथ राइस यूनिवर्सिटी से ग्रेजुएशन पूरी की थी. उन्होंनें मशीन लर्निंग की मदद से बर्फ जमाने के तरीके पर शानदार रिसर्च की थी. लेकिन अपनी योग्याताओं के बावजूद उन्हें काम नहीं मिला. उनके माता-पिता दोनों डॉक्टर हैं और बेटे की हालत देखकर परेशान हैं. उनकी मां ने जैके के भरे हुए जॉब एप्लीकेशन फॉर्म खुद चेक किए थे, जिसमें कोई गलती नहीं थी.



