मध्यप्रदेश
‘चौपट कर देंगे तुम्हारा कारोबार, हर महीने चाहिए 200000 रुपए’, CBI ने CGST अफसर को किया गिरफ्तार, घर से मिले 72.50 लाख रुपए कैश

भोपाल: मध्य प्रदेश की राजधानी भोपाल में सीबीआई ने बड़ी कार्रवाई की है। सीजीएसटी के एक अधिकारी को दो लाख रुपए की रिश्वत लेते हुए गिरफ्तार किया है। साथ ही अफसर के अन्य ठिकानों से 72 लाख रुपए कैश बरामद हुए हैं। वह स्क्रैप कारोबारी से हर महीने रिश्वत की मांग कर रहा था।
सीजीएसटी अफसर के खिलाफ केस दर्ज
सीबीआई के अनुसार, निवारक शाखा (मुख्यालय) में तैनात अधीक्षक राजेश कुमार के खिलाफ शनिवार को मामला दर्ज किया गया था। वहीं, आरोपों के अनुसार राजेश कुमार पर भोपाल की एक कंपनी के मालिक से हर महीने दो लाख रुपये की रिश्वत मांगने का आरोप है।
दो लाख रुपए की रिश्वत लेते गिरफ्तार
बयान के मुताबिक, सीबीआई ने जाल बिछाकर कुमार को दो लाख रुपये की कथित तौर पर रिश्वत लेते हुए रंगे हाथ पकड़ लिया। आरोपी ने शिकायतकर्ता के कबाड़ कारोबार में बाधा नहीं डालने और कबाड़ सामग्री ले जाने वाले वाहनों को नहीं रोकने के बदले रिश्वत मांगी थी।



