कठुआ में मामूली विवाद के बाद फायरिंग, CISF जवान ने साथियों पर चलाई गोलियां, चार की मौत

हिमाचल प्रदेश के चंबा जिला से सटे कठुआ के मास्का स्थित सेवा पावर स्टेशन-दो के सीआईएसएफ कैंप में एक जवान ने मंगलवार शाम को मामूली विवाद के बाद अपने साथियों पर ही गोलियां चला दीं। फायरिंग में चार सीआईएसएफ जवानों की मौत हो गई। मरने वालों में एक असिस्टेंट कमांडेंट भी शामिल हैं। मरने वालों की पहचान असिस्टेंट कमांडेंट अंकित कुमार पांडे, एसआई लक्ष्मण सिंह, कांस्टेबल रफीक अहमद और कांस्टेबल संदीप कुमार के रूप में हुई है। ये जवान हिमाचल प्रदेश की सीमा से सटे बसोहली के मशका गांव में पावर प्रोजेक्ट की सुरक्षा में तैनात थे।
किसी बात को लेकर दो जवानों के बीच बहस हुई। इसी बीच उनमें से एक ने अंधाधुंध फायरिंग कर दी। गोलाबारी में चार जवान घायल हुए थे, जिन्हें पहले हिमाचल प्रदेश के खैरी स्थित एनएचपीसी अस्पताल ले जाया गया। जहां बाद में चारों की मौत हो गई। सीआईएसएफ हेडक्वार्टर ने मामले में कोर्ट ऑफ इंक्वायरी के आदेश दिए हैं। वारदात को अंजाम देने वाले सीआईएसएफ के हेड कांस्टेबल अवधेश कुमार को हिरासत में ले लिया गया है।



