दिल्ली वालों की बल्ले-बल्ले, बारापुला फेज-3 कॉरिडोर के उद्घाटन पर 3 और परियोजनाओं की मिलेगी सौगात

नई दिल्ली: मंगलवार 29 सितंबर को केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह लंबे समय से प्रतीक्षित बारापुला फेज-3 एलिवेटेड कॉरिडोर का उद्घाटन करेंगे। साथ ही, वे शहर में एक और सड़क सुविधा की शुरुआत करेंगे और दो इंफ्रास्ट्रक्चर प्रोजेक्ट्स की आधारशिला भी रखेंगे। पब्लिक वर्क्स डिपार्टमेंट के मंत्री प्रवेश वर्मा ने बताया कि मोदी मिल फ्लाईओवर को कालकाजी तक बढ़ाने और सावित्री सिनेमा जंक्शन पर एक नया समानांतर फ्लाईओवर बनाने के लिए आधारशिला रखी जाएगी, जबकि मुकरबा चौक अंडरपास का उद्घाटन किया जाएगा।
मोदी मिल फ्लाईओवर के विस्तार और सावित्री सिनेमा जंक्शन फ्लाईओवर के लिए कुल 371 करोड़ रुपये की लागत को मंजूरी दी गई है, जिसमें से चालू वित्त वर्ष के लिए 150 करोड़ रुपये तय किए गए हैं। दिल्ली सरकार ने इन दोनों प्रोजेक्ट्स को 24 से 30 महीनों में पूरा करने का लक्ष्य रखा है।
मोदी मिल से कालकाजी के बीच 6 लेन होंगे
एक अधिकारी ने बताया कि मोदी मिल फ्लाईओवर को कालकाजी तक बढ़ाने वाले 1.5 किलोमीटर लंबे इस स्ट्रक्चर में छह लेन होंगे। इसके दोनों तरफ नौ-नौ मीटर चौड़े कैरिजवे होंगे और साथ ही मीडियन, क्रैश बैरियर और रेलिंग भी लगाई जाएंगी। यह प्रोजेक्ट कैप्टन गौर मार्ग, मां आनंदमयी मार्ग, लोटस टेम्पल रोड, मस्जिद मोठ रोड और नेहरू प्लेस बस डिपो जैसे अहम जंक्शनों को कवर करेगा।
ग्रेटर कैलाश-I और II और CR पार्क में ट्रैफिक जाम खत्म करने की कोशिश
ग्रेटर कैलाश-I और II और CR पार्क में ट्रैफिक जाम की समस्या को कम करने के लिए सावित्री सिनेमा जंक्शन पर 900 मीटर लंबा, वन-वे, तीन-लेन वाला ग्रेड सेपरेटर बनाया जाएगा। इस स्ट्रक्चर में 435 मीटर लंबी एलिवेटेड रोड, दो एंट्री और एग्जिट रैंप, खास बस बे और नए डिजाइन वाले जंक्शन होंगे। इस प्रोजेक्ट में नए सिरे से बनाए गए फुटपाथ, साइकिल ट्रैक, जल-जमाव रोकने के लिए बेहतर ड्रेनेज सिस्टम और बेहतर स्ट्रीट लाइटिंग की सुविधा होगी।
मुकरबा चौक प्रोजेक्ट पूरा हो चुका है
मुकरबा चौक प्रोजेक्ट, जो पूरा हो चुका है, में हैदरपुर बादली मोड़ मेट्रो स्टेशन के गेट नंबर 3 के पास तीन अंडरपास शामिल हैं। एक सरकारी अधिकारी ने बताया कि दो अंडरपास गाड़ियों की आवाजाही के लिए हैं, जबकि तीसरी सुविधा पैदल चलने वालों और बिना मोटर वाले वाहनों के लिए है। गाड़ियों के लिए बने दोनों अंडरपास लगभग 50 मीटर लंबे, 9.6 मीटर चौड़े और छह मीटर ऊंचे हैं। ये एक तरफ बादली और रोहिणी के बीच कनेक्टिविटी देंगे।



