गाजियाबाद में 12वीं मंजिल से गिरकर प्राची राजपूत की मौत, 2 दिन पहले CBSE नेशनल रोप स्किपिंग में जीता था गोल्ड

गाजियाबाद: राजनगर एक्सटेंशन की राजनगर रेजीडेंसी में शुक्रवार रात 14 वर्षीय छात्रा की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। डीडीपीएस संजय नगर में कक्षा नौ में पढ़ने वाली प्राची राजपूत 12वीं मंजिल से नीचे गिर गई। प्राची ने महज दो दिन पहले ही महाराष्ट्र के शिरडी में आयोजित सीबीएसई नेशनल रोप स्किपिंग प्रतियोगितामें स्वर्ण पदक हासिल किया था।
प्राची अपने माता-पिता, छोटी बहन और दादा-दादी के साथ जी टावर में रहती थी। उसके पिता सुरेश चंद बहुराष्ट्रीय कंपनी में सॉफ्टवेयर इंजीनियर हैं। शुक्रवार रात करीब नौ बजे प्राची फ्लैट की बालकनी में गई थी। इसी दौरान वह 12वीं मंजिल से नीचे जा गिरी। उसके गिरने की तेज आवाज सुनकर सोसायटी के लोगों को घटना की जानकारी हुई।
परिवार में छाया मातम
घटना के बाद परिजन और आसपास के लोग प्राची को तुरंत संजय नगर स्थित यशोदा अस्पताल ले गए। चिकित्सकों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया। अचानक हुई इस घटना से परिवार में मातम छा गया।
खेल और संगीत में भी रखती थी रुचि
प्राची पढ़ाई के साथ खेल और संगीत में भी रुचि रखती थी। शिरडी में हुई सीबीएसई नेशनल रोप स्कीपिंग प्रतियोगिता में उसने डबल डच पेयर फ्री स्टाइल और डबल डच सिंगल फ्री स्टाइल में स्वर्ण पदक जीता था। प्रतियोगिता में सफलता हासिल करने के बाद वह दो दिन पहले ही घर लौटी थी। परिवार उसकी उपलब्धि को लेकर बेहद खुश था।
क्या बोली पुलिस
एसीपी नंदग्राम जियाउद्दीन अहमद ने बताया कि घटना की सूचना मिलने के बाद पुलिस ने मौके पर जांच की है। प्रारंभिक जांच में छात्रा के बालकनी से नीचे गिरने की बात सामने आई है। फिलहाल यह स्पष्ट नहीं है कि वह हादसे में गिरी या उसने आत्महत्या की। पुलिस जांच के बाद ही घटना की वास्तविक वजह स्पष्ट हो सकेगी।



