राष्ट्रीय

चक्रवात अर्नब का कहर: ओडिशा-आंध्र में मूसलाधार आफत, पुल डूबे और स्कूल बंद; दिल्ली समेत 22 राज्यों में बारिश का अलर्ट

 नई दिल्ली। बंगाल की खाड़ी में बने चक्रवात ‘अर्नब’ ने ओडिशा और आंध्र प्रदेश के तटीय क्षेत्रों में तबाही मचा दी है। चक्रवात देर रात 11 बजे से 1 बजे के बीच उत्तर आंध्र प्रदेश और दक्षिण ओडिशा के तट से टकरा गया। इसके असर से दोनों राज्यों में भारी बारिश और तेज हवाएं चल रही हैं।

मछुआरों की नावें डूबी

दक्षिण ओडिशा के 10 जिलों में स्कूल बंद कर दिए गए हैं। करीब 5 हजार लोगों को सुरक्षित स्थानों पर शिफ्ट किया गया है। मलकानगिरी में चार पुल डूब जाने से यातायात ठप हो गया है। नेशनल हाईवे भी सुरक्षा कारणों से बंद कर दिए गए हैं। भद्रक में तूफानी हवाओं से मछुआरों की 10 नावें डूब गईं और कई क्षतिग्रस्त हो गईं। चिलिका झील क्षेत्र में भी कई नावें टूटकर डूब गईं।

मौसम विभाग ने नबरंगपुर जिले के लिए रेड अलर्ट जारी किया है, जहां 20 सेंटीमीटर से अधिक बारिश का अनुमान है। बरगढ़, नुआपाड़ा, बलांगीर, कालाहांडी, कोरापुट और मलकानगिरी में ऑरेंज अलर्ट है।

आंध्र प्रदेश के श्रीकाकुलम जिले में 75 किमी प्रति घंटे तक की हवाएं चलीं। विजयवाड़ा के निचले इलाकों में पानी भर गया है और कई स्कूलों में छुट्टी घोषित कर दी गई है। मछुआरों से शुक्रवार सुबह तक समुद्र में न जाने की अपील की गई है। पश्चिम बंगाल के कुछ हिस्सों, दार्जिलिंग और कलिम्पोंग में भी भारी बारिश और आंधी का अलर्ट जारी है।

आज 22 राज्यों में अलर्ट

भारतीय मौसम विभाग के अनुसार, शुक्रवार को देश के 22 राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों में बारिश का अलर्ट है। ओडिशा, छत्तीसगढ़, मध्य प्रदेश, महाराष्ट्र, पश्चिम बंगाल, सिक्किम, उत्तराखंड, उत्तर प्रदेश, बिहार, झारखंड, आंध्र प्रदेश और तेलंगाना में भारी बारिश का अलर्ट जारी किया है।

दिल्ली-एनसीआर और कर्नाटक हल्की बारिश की संभावना जताई गई है। पूर्वोत्तर राज्य, अंडमान-निकोबार और केरल में भी तेज हवाओं के साथ बारिश की संभावना जताई गई है।

यूपी-बिहार में तेज आंधी के साथ होगी बारिश

पूर्वी उत्तर प्रदेश और बिहार में आंधी-तूफान के साथ व्यापक बारिश की संभावना है। मध्य प्रदेश और छत्तीसगढ़ में भी बहुत भारी बारिश हो सकती है। दिल्ली में आसमान आंशिक रूप से बादलों से घिरा रहेगा और हल्की बारिश हो सकती है। अधिकतम तापमान 34 डिग्री और न्यूनतम 23 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है।

Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button