4 खिलाड़ी जो रोहित शर्मा के बाद बन सकते हैं टीम के ओपनर, एक तो 190 के स्ट्राइक रेट से करता है बैटिंग

क्या रोहित शर्मा का करियर अब अपनी आखिरी दहलीज पर आ खड़ा हुआ है? भारतीय क्रिकेट में इन दिनों यही सबसे बड़ा और गंभीर सवाल तैर रहा है। दरअसल, पिछले कुछ समय से रोहित के प्रदर्शन का ग्राफ लगातार नीचे गिरा है जिसके बाद सेलेक्टर्स ने भी अब कड़े फैसले लेने का मन बना लिया है। साल 2025 में ऑस्ट्रेलिया दौरे के बाद रोहित ने पिछली 11 पारियों में वह सिर्फ 35.18 की मामूली औसत से 387 रन ही बना पाए हैं। इसी बीच इंडियन एक्सप्रेस की एक रिपोर्ट ने फैंस के होश उड़ा दिए हैं। इस रिपोर्ट की मानें तो 19 जुलाई को लॉर्ड्स के ऐतिहासिक मैदान पर इंग्लैंड के खिलाफ होने वाला तीसरा वनडे मैच रोहित शर्मा के करियर का आखिरी वनडे मुकाबला हो सकता है। अगर यह खबर सच साबित होती है तो टीम इंडिया में ओपनिंग की एक बड़ी जगह खाली होने वाली है। हालांकि मैनेजमेंट के पास ऐसे 4 खिलाड़ी पहले से मौजूद हैं जो टीम में रोहित की जगह ले सकते हैं।
रोहित की जगह लेने की रेस में यशस्वी जायसवाल का नाम सबसे आगे चल रहा है। इस बाएं हाथ के युवा बल्लेबाज ने जब भी मैदान पर कदम रखा है अपनी बेखौफ बल्लेबाजी से सनसनी मचाई है। अपने छोटे से वनडे करियर की सिर्फ 6 पारियों में जायसवाल ने 285 रन ठोक दिए हैं जिसमें दो शानदार शतक शामिल हैं। हाल ही में चेन्नई में अफगानिस्तान के गेंदबाजों की धज्जियां उड़ाते हुए उन्होंने सिर्फ 86 गेंदों में नाबाद 110 रनों की जो पारी खेली थी।
रोहित के उत्तराधिकारी के रूप में दूसरा बड़ा नाम ईशान किशन का है। ईशान के पास वनडे क्रिकेट का अच्छा-खासा अनुभव है। उन्होंने 31 मैचों में 43 से ज्यादा की शानदार औसत और करीब 107 के स्ट्राइक रेट से 1093 रन बनाए हैं। याद दिला दें कि वनडे इतिहास में सबसे तेज दोहरा शतक लगाने का वर्ल्ड रिकॉर्ड भी इसी खिलाड़ी के नाम दर्ज है। लगभग दो साल बाद टीम में वापसी करते हुए हाल ही में उन्होंने अफगानिस्तान के खिलाफ 79 गेंदों में 125 रनों की जो तूफानी पारी खेली उसने साबित कर दिया कि ईशान जब मूड में हों तो किसी भी गेंदबाजी आक्रमण को ध्वस्त कर सकते हैं।
गुजरात टाइटंस के लिए आईपीएल में लगातार रनों का अंबार लगाने वाले साई सुदर्शन इस लिस्ट के सबसे क्लासिक और भरोसेमंद बल्लेबाज हैं। सुदर्शन के पास कमाल की तकनीक है और वह पारी को बुनना अच्छे से जानते हैं। वनडे क्रिकेट में अक्सर एक ऐसे ओपनर की जरूरत होती है जो एक छोर संभालकर एंकर रोल निभा सके। आईपीएल में लगातार अपनी बल्लेबाजी से सबको प्रभावित करने वाले सुदर्शन इस रोल में बिल्कुल फिट बैठते हैं।
अगर सेलेक्टर्स को ओपनिंग में सिर्फ तबाही और आक्रामकता चाहिए तो अभिषेक शर्मा से बेहतर कोई चॉइस नहीं हो सकती। टी20 क्रिकेट में उनके आंकड़े इस बात की गवाही देते हैं जहां उन्होंने 52 पारियों में करीब 190 के स्ट्राइक रेट से 1618 रन कूटे हैं। अभिषेक के पास पावरप्ले का भरपूर फायदा उठाने का गजब का हुनर है।



