छत्तीसगढ़

सुकमा में पुलिस को बड़ी सफलता: आत्मसमर्पित नक्सलियों की सूचना पर भारी मात्रा में विस्फोटक और IED बरामद

सुकमा।  छत्तीसगढ़ के सुकमा जिले में नक्सल उन्मूलन अभियान के तहत पुलिस को महत्वपूर्ण सफलता मिली है। आत्मसमर्पित नक्सलियों से प्राप्त खुफिया जानकारी के आधार पर सुरक्षा बलों ने कुकानार थाना क्षेत्र के दुमनपारा और जोंगेरास के जंगल-पहाड़ी इलाके में सर्चिंग अभियान चलाकर नक्सलियों द्वारा पूर्व में छिपाकर रखे गए डम्प का पता लगाया। यहां से दो टिफिन आईईडी, 80 नॉन-इलेक्ट्रिक डेटोनेटर, जिलेटिन रॉड, जिंदा कारतूस सहित बड़ी मात्रा में विस्फोटक सामग्री और नक्सली उपयोग की अन्य वस्तुएं बरामद की गईं।

पुलिस के अनुसार, 27 अक्टूबर 2026 को जिला बल, जिला रिजर्व गार्ड (DRG) और बस्तर फाइटर्स की संयुक्त टीम ने कुकानार थाना क्षेत्र के ग्राम दुमनपारा एवं जोंगेरास के जंगल-पहाड़ी इलाके में एरिया डोमिनेशन और सर्चिंग अभियान चलाया। तलाशी के दौरान सुरक्षा बलों को जंगल में छिपाकर रखी गई विस्फोटक सामग्री का डम्प मिला। टीम ने सामग्री को सुरक्षित तरीके से बरामद किया। मामले में नियमानुसार आगे की कार्रवाई जारी है।

दो टिफिन बम समेत 23 प्रकार की सामग्री बरामद

बरामद सामग्री में लगभग 5 किलोग्राम और 3 किलोग्राम के दो टिफिन आईईडी, 14 जिलेटिन रॉड, 315 बोर के 14 जिंदा कारतूस और 80 नॉन-इलेक्ट्रिक डेटोनेटर शामिल हैं। इसके अलावा 30 मीटर कॉडेक्स वायर, 15 मीटर सेफ्टी फ्यूज, लगभग 100 मीटर इलेक्ट्रिक वायर तथा सात बड़े और सात छोटे बीजीएल कारतूस भी बरामद किए गए।

सुरक्षा बलों को मौके से वायरलेस सेट और मैनपैक सेट की बैटरियां, दो वायरलेस चार्जर, तीन डीसी चार्जर, दो बीजीएल सेल निप्पल, कैमरा फ्लैश, कैलकुलेटर, तीन टू-पिन प्लग-सॉकेट सेट, चार मैगजीन पाउच, तीन काली वर्दी की पैंट, चार राइफल स्लिंग, एक हरी टी-शर्ट, दो कमर बेल्ट और एक नीले रंग का प्लास्टिक कंटेनर भी मिला।

वरिष्ठ अधिकारियों के मार्गदर्शन में अभियान

पुलिस के मुताबिक, पुलिस अधीक्षक मयंक गुर्जर के नेतृत्व एवं अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (नक्सल ऑप्स) रोहित शाह, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक मनोज तिर्की और अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक मनीष कुंवर के मार्गदर्शन में नक्सल उन्मूलन अभियान लगातार संचालित किया जा रहा है।

इसी अभियान के तहत आत्मसमर्पित नक्सलियों से मिली जानकारी के आधार पर जंगलों और दुर्गम इलाकों में पहले से छिपाकर रखे गए हथियार, गोला-बारूद, विस्फोटक और अन्य सामग्री के डम्प की तलाश की जा रही है।

सर्चिंग अभियान रहेगा जारी

सुकमा पुलिस ने बताया कि जिले में शांति, सुरक्षा और विकास का वातावरण बनाए रखने के उद्देश्य से एरिया डोमिनेशन एवं सर्चिंग अभियान लगातार जारी रहेंगे। जंगलों और दुर्गम क्षेत्रों में छिपाकर रखी गई नक्सली सामग्री की बरामदगी के लिए सुरक्षा बल सतर्कता के साथ कार्रवाई कर रहे हैं।

Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button