उत्तरप्रदेश

बलिया में बीजेपी के पूर्व विधायक की गाड़ी की टक्कर से बाइक सवार की मौत, पूर्व MLA सुरेंद्र सिंह बाल-बाल बचे

 बलिया: उत्तर प्रदेश के बलिया जिले के गड़वार थाना अंतर्गत चिलकहर पेट्रोल पंप के पास बैरिया से बीजेपी पूर्व विधायक सुरेंद्र सिंह की स्कॉर्पियो ने बाइक सवार को जोरदार टक्कर मारी। जिसका सीसीटीवी वीडियो सामने आया है। सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहे वीडियो में दिखाई दे रहा है कि बाइक को टक्कर मारते हुए स्कॉर्पियो उड़ जा रही है। दुर्घटना में बाइक सवार युवक की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दूसरा गंभीर रूप से घायल हो गया। वहीं, पूर्व विधायक सुरेंद्र सिंह बाल-बाल बच गए। बताया जा रहा है कि रसड़ा बसपा विधायक स्वर्गीय उमाशंकर सिंह की श्रद्धांजलि सभा से वापसी के दौरान उक्त हादसा हुआ। सूचना पर गड़वार थाना पुलिस मौके पर पहुंची और मृतक के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।

जानकारी के अनुसार, मृतक की पहचान फतेहपुर निवासी अरशद अहमद (40) के रूप में हुई है। बाइक पर सवार मरगूपुर गांव के तिवारीपुर मौजा निवासी होमगार्ड ओमप्रकाश गुप्ता (45) गंभीर रूप से घायल हुए हैं। प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें बलिया जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया। दोनों बाइक सवार रसड़ा की तरफ से जा रहे थे। ग्रामीणों के मुताबिक, अरशद सांवरा में कुक्कर और गैस चूल्हा बनाने का काम करते थे। उनके परिवार में पांच बेटियां और एक बेटा है। हादसे की खबर मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया।

उमाशंकर सिंह की श्रद्धांजलि सभा से लौट रहे थे

नवभारतटाइम्स ऑनलाइन ने बैरिया पूर्व बीजेपी विधायक सुरेंद्र सिंह से संपर्क किया गया तो बताया गया कि पूर्व विधायक की गाड़ी से ही दुर्घटना हुई है। विधायक सहित जो स्कॉर्पियो में सवार थे बच गए हैं। रसड़ा से बसपा विधायक स्वर्गीय उमाशंकर सिंह के श्रद्धांजलि सभा से वापसी में हादसा हुआ। स्कॉर्पियो कई बार उलट गई। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, दुर्घटना के वक्त स्कॉर्पियो में बैरिया विधानसभा क्षेत्र के पूर्व भाजपा विधायक सुरेंद्र सिंह भी सवार थे। हादसे की सूचना मिलते ही गड़वार थाना पुलिस मौके पर पहुंची और मृतक के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।

पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम को भेजा

गड़वार थानाध्यक्ष हितेश कुमार ने बताया कि बाइक सवार रसड़ा की तरफ जा रहे थे। स्कॉर्पियो लखनऊ की है और उसमें पूर्व विधायक सुरेंद्र सिंह सवार थे। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। पूरे मामले की जांच की जा रही है।

Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button