राष्ट्रीयमहाराष्ट्र

‘परिसीमन बिल का समर्थन करेगी NCP’, शरद पवार से मुलाकात के बाद जितेंद्र आव्हाड का एलान

नई दिल्ली। NCP (शरद पवार) की पार्टी परिसीमन बिल का समर्थन करेगी। इस समर्थन का पार्टी के विधायक जितेंद्र आव्हाड ने किया है। शरद पवार से मुलाकात के बाद विधायक जितेंद्र आव्हाड ने समर्थन देने की बात कही है। न्यूज एजेंसी IANS के मुताबिक जितेंद्र आव्हाड शरद पवार से मिलने ब्रिच केंडी हॉस्पिटल पहुंचे थे। उनसे मुलाकात के बाद उन्होंने परिसीमन बिल को समर्थन देने का एलान किया है।

न्यूज एजेंसी ANI के मुताबिक मुंबई के ब्रीच कैंडी अस्पताल के बाहर, जहां शरद पवार भर्ती हैं, आव्हाड ने कहा, ‘यह चर्चा हमारी पार्टी के आधिकारिक रुख के बारे में नहीं थी। मुख्य बात यह थी कि परिसीमन (डिलिमिटेशन) की प्रक्रिया एक संवैधानिक आवश्यकता है। परिसीमन प्रक्रिया का समर्थन करने का निर्णय लिया गया है, और हम निश्चित रूप से इसका समर्थन करेंगे। हम परिसीमन का समर्थन करेंगे।’

बिल का विरोध करना जल्दबाजी-सुप्रिया सूले

यह घटनाक्रम तब सामने आया है जब गुरुवार को पार्टी की राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष सुप्रिया सुले ने केंद्र के प्रस्ताव पर नरम रुख अपनाते हुए कहा कि कानून की पूरी जानकारी सामने आने से पहले ही उसका विरोध करना जल्दबाजी होगी। उन्होंने न्यूज एजेंसी पीटीआई से कहा, ‘बिल को आने दीजिए। हो सकता है कि परिसीमन विधेयक (डिलिमिटेशन बिल) में कुछ अच्छा भी हो।’

सुले ने कहा, ‘कोई विधेयक देश के हित में है या नहीं, इस पर विचार किए बिना सिर्फ इसलिए विरोध करना कि आप विपक्ष में हैं, या आंख मूंदकर समर्थन करना क्योंकि आप सत्ता में हैं यह एक स्वस्थ लोकतंत्र के लिए गलत है। हर बात का विरोध करना जरूरी नहीं है। हम सुधार के सुझाव भी दे सकते हैं और बता सकते हैं कि क्या बदलाव किए जाने चाहिए। हो सकता है कि इसमें कुछ अच्छा हो।’

इससे पहले दिन में, सुले ने बताया कि वह शनिवार को होने वाली ‘इंडिया’ (INDIA) गठबंधन की बैठक में शामिल नहीं हो पाएंगी। इस बैठक में संसद के विशेष सत्र के लिए विपक्ष की रणनीति पर चर्चा होनी थी। सुले ने बताया कि उनके पिता शरद पवार की तबीयत ठीक नहीं है, इसलिए वह इसमें हिस्सा नहीं ले सकेंगी।

NCP (SP) ने व्हिप जारी कर सांसदों को दिया निर्देश

एनसीपी (एसपी) ने अपने लोकसभा सांसदों के लिए एक ‘व्हिप’ भी जारी किया है, जिसमें उन्हें 30 नवंबर से सदन में मौजूद रहने का निर्देश दिया गया है। एनसीपी (एसपी) के पास आठ लोकसभा सांसद हैं। पार्टी ने यह कदम ऐसे समय में उठाया है जब परिसीमन से जुड़े संवैधानिक संशोधन को पारित करने के लिए जरूरी संख्या बल पर चर्चा चल रही है।

इस तरह के कानून को पारित करने के लिए सदन में मौजूद और मतदान करने वाले सदस्यों के दो-तिहाई बहुमत की आवश्यकता होती है। 543 सदस्यों वाले सदन में अभी पांच सीटें खाली हैं, जिससे प्रभावी संख्या 538 रह जाती है। इस हिसाब से, दो-तिहाई बहुमत के लिए लगभग 359 वोटों की जरूरत होगी। 

Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button