जब 1,800 लोगों ने मिलकर रस्सी से खींच दिया 360 टन का ऐतिहासिक किला, दुनिया हैरान!

Japan 1800 People Pull Castle: जापान में एक 360 टन वजनी ऐतिहासिक किले को अपनी जगह वापस लाने के लिए 1,800 लोग एकजुट हुए और रस्सियों और रोलर्स की मदद के सहारे उसे दो मीटर से ज्यादा खींच लिया. दरअसल, नॉर्थ जापान के ऐतिहासिक हिरोसाकी किले (Hirosaki Castle) की मरम्मत का काम चल रहा है. यहां की मुख्य मीनार (बुर्ज) यानी ‘कील कीप’ को पुरानी जगह वापस लाने के लिए लोगों ने मिलकर ‘सो-रे, सो-रे’ का ट्रेडिशनल नारा लगाते हुए 80-80 लोगों की टीमों ने 30 मीटर लंबी रस्सियों को अपनी ओर खींचा और दो दिनों में 360 टन भारी महल को 2 मीटर से ज्यादा आगे बढ़ा दिया. ओमोरी प्रांत (Aomori prefecture) में हिरोसाकी किले को बिना नुकसान पहुंचाए खिसकाने के लिए एक अनोखा अभियान चलाया गया. सदियों पुरानी ‘हिकिया’ टेक्निक का ये हैरतअंगेज नजारा अब सोशल मीडिया पर छाया हुआ है.
‘सो-रे, सो-रे’ के नारों से गूंजा जापान
किले के इस मुख्य बुर्ज (जो किले के अंदर एक मजबूत टावर होता है) को इसलिए हटाना पड़ा, क्योंकि एक बड़े भूकंप में इसकी दीवार क्षतिग्रस्त हो गई थी. बीते शनिवार को लोगों ने इस इमारत को (जिसे रेल पर रखा गया था) 1.13 मीटर खींचा, जबकि रविवार को इसे 1.09 मीटर और खिसकाया गया. 2015 में शहर ने लोगों से सीधे इसमें शामिल होने के लिए कहा. नतीजा ये हुआ कि ये नागरिकों की भागीदारी वाला पहला ‘हिकिया’ प्रोजेक्ट बना और पिछले सौ सालों में किसी किले को एक जगह से दूसरी जगह ले जाने के लिए इस तरीके का इस्तेमाल पहली बार किया गया.
बिना तोड़े ऐतिहासिक इमारतों को शिफ्ट करने का तरीका
द गार्जियन की खबर के मुताबिक, जापान में सदियों पुरानी इमारत ट्रांसफर टेक्नोलॉजी को ‘हिकिया’ (hikiya) कहा जाता है. इस टेक्निक में इमारतों को बिना तोड़े रोलर्स और रेल्स पर रखकर खिसकाया जाता है. भूकंप से क्षतिग्रस्त हुई दीवार को 2,185 पत्थरों को वापस जोड़कर 2024 के आखिर तक ठीक कर लिया गया था. अब महल को उसके असली आधार पर बिठाने के लिए जनता की मदद ली जा रही है.



