व्यापार

कौशल को अहमियत : भारत द्वारा ‘वल्र्डस्किल्स एशिया 2027’ की मेजबानी

वर्ष 2014 में, माननीय प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने कहा था कि हमारे देश के विकास में ‘श्रमेव जयते’ की महिमा उतनी ही महत्वपूर्ण है, जितनी कि ‘सत्यमेव जयते’ की शक्ति। कल लखनऊ में, हमारे कौशल ईकोसिस्टम के बेहतरीन प्रशिक्षुओं को सम्मानित करने हेतु आयोजित पांचवें ‘कौशल दीक्षांत समारोह’ में इसी विचार की दिशा में एक बड़ा कदम बढ़ाया गया। माननीय प्रधानमंत्री ने भारत द्वारा उत्तर प्रदेश के ग्रेटर नोएडा में ‘वल्र्डस्किल्स एशिया 2027’ के अगले संस्करण की मेजबानी किए जाने के ऐतिहासिक निर्णय की घोषणा की। बस एक साल पहले ही, भारत ने ‘वल्र्डस्किल्स एशिया’ में हिस्सा लेने के लिए अपना पहला दल भेजा था और अब पहली बार ‘वल्र्डस्किल्स’ के एक कार्यक्रम का आयोजन भारत में होने जा रहा है। यह इस बात का सबूत है कि भारत का कौशल ईकोसिस्टम अपनी चमक बिखेर रहा है और दुनिया इसकी ओर आकॢषत हो रही है।

भारतीय सभ्यता ने हमेशा सृजन करने वालों का सम्मान किया है। फिर भी, कई परिवारों के लिए कौशल आधारित काम एवं कौशल का विकास अभी भी दूसरा विकल्प ही बना हुआ है। भले ही कोई अच्छी तकनीकी योग्यता रोजगार एवं पेशेवर संतुष्टि पाने का अधिक सीधा रास्ता क्यों न दे, लेकिन फिर भी डिग्री लेना ही सबसे पसंदीदा विकल्प बना हुआ है। ‘कौशल दीक्षांत समारोह’ की परिकल्पना इस विचार पर आधारित थी कि औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान (आई.टी.आई.) से उत्तीर्ण होने वाले युवा इलैक्ट्रीशियन या मशीनिस्ट भी एक विश्वविद्यालय के दीक्षांत समारोह जितने ही गरिमापूर्ण दीक्षांत समारोह के हकदार हैं। वर्ष 2022 में विश्वकर्मा जयंती के अवसर पर पहली बार आयोजित, इस कार्यक्रम ने यह स्थापित किया कि तकनीकी शिक्षा का बहुत अधिक महत्व है। 

लखनऊ में हुए कल के कार्यक्रम में सम्मानित होने वालों में पश्चिम बंगाल की रामकृष्ण मिशन ब्लाइंड ब्वॉयज एकैडमी के दृष्टिबाधित मैटल-कटिंग प्रशिक्षु अमित बैरागी, पुरी की मोटर वाहन मैकेनिक सुप्रिती महापात्राय और इलैक्ट्रॉनिक्स मैकेनिक शाहबाज खान शामिल थे। अव्वल आने वाले 52 विद्यार्थियों में से आधे से अधिक महिलाएं थीं। विभिन्न अध्ययनों से यह पता चला है कि अब जबकि अधिक से अधिक नियोक्ता ए.आई. को अपना रहे हैं, अत्यधिक कुशल कामगारों की मांग भी बढ़ रही है। ए.डी.पी. की ‘पीपुल एट वर्क 2026’ रिपोर्ट के अनुसार, भारत में 80 प्रतिशत कर्मचारी सप्ताह में कई बार ए.आई. का उपयोग करते हैं और 41 प्रतिशत लोग तो लगभग हर दिन ही इसका सहारा लेते हैं। दुनिया भर में हो रहे शोध बताते हैं कि कौशल का महत्व पहले से कहीं अधिक हो गया है। ‘विश्व आॢथक मंच’ का अनुमान है कि 2030 तक जहां 170 मिलियन नई नौकरियां सृजित होंगी, वहीं 92 मिलियन मौजूदा नौकरियां खत्म हो जाएंगी। मंच के अनुसार, हर 100 में से 59 कर्मचारियों को प्रशिक्षण की आवश्यकता होगी। 

कई नवसृजित नौकरियां इलैक्ट्रीशियन, तकनीशियन और इंस्टॉलर के पदों से जुड़ी हैं, जो डाटा सैंटर बनाने और उनके रख-रखाव का काम करते हैं। ए.आई. वास्तव में कुशल कार्यबल के लिए नए अवसर और जरूरतें पैदा कर रहा है। इस दिशा में, माननीय प्रधानमंत्री ने पिछले वर्ष के दीक्षांत समारोह में ‘पी.एम.-सेतु’ का शुभारंभ किया था। कुल 1,000 आई.टी.आई. को अपग्रेड करने से संबंधित 60,000 करोड़ रुपए के परिव्यय वाली इस योजना पर अब काम शुरू हो गया है।

‘वल्र्डस्किल्स एशिया’ जैसी प्रतियोगिताएं कुशल प्रशिक्षुओं को अपनी प्रतिभा दिखाने और वैश्विक मंच के लिए तैयार होने का एक प्लेटफॉर्म देती हैं। पिछले नवम्बर में ताइपे में आयोजित ‘वल्र्डस्किल्स एशिया’ प्रतियोगिता में, अपनी पहली ही भागीदारी में हम 29 देशों के बीच 8वें स्थान पर रहे। वहीं, 2015 में साओ पाऊलो में हुए ‘वल्र्डस्किल्स’ में 29वें स्थान पर रहने के बाद, इस सितम्बर में शंघाई में हम पहली बार शीर्ष 10 में स्थान बनाने में कामयाब रहे। इस प्रकार की प्रतियोगिताओं के महत्व को केवल पदकों या रैंकिंग से ही नहीं आंका जा सकता। इनका प्रभाव कहीं अधिक गहरा होता है और ये लोगों में नई आकांक्षाएं जगाने का काम भी करती हैं। 

‘वल्र्डस्किल्स एशिया’ की तैयारियां अंतर्राष्ट्रीय मानकों को समझने का एक अवसर भी प्रदान करेंगी। इससे हमें ट्रेड टैस्ट, मूल्यांकन और प्रशिक्षण की गुणवत्ता के बारे में अपनी सोच को बेहतर बनाने में मदद मिल सकेगी। जहां भारतीय प्रशिक्षक एवं उद्योग विशेषज्ञ पूरे एशिया के अपने समकक्षों के साथ जुड़ सकेंगे, वहीं यह प्रतियोगिता स्कूली विद्याॢथयों एवं उनके परिवारों को कुशल कार्यों (स्किल्ड वर्क) के करीब ला सकेंगी। राज्य और राष्ट्रीय स्तर पर होने वाली ‘इंडियास्किल्स’ प्रतियोगिताएं इस यात्रा का एक अहम हिस्सा होंगी। ये प्रतिभाओं की पहचान करने, कौशल को परखने और युवा प्रतिभागियों को दबाव में काम करने का अनुभव देने का एक मंच प्रदान करती हैं। ‘इंडियास्किल्स 2026-27’ प्रतियोगिता में अब तक 63 अलग-अलग कौशलों के लिए 4.5 लाख से अधिक पंजीकरण हो चुके हैं। अपनी स्थापना के बाद से, कौशल विकास और उद्यमशीलता मंत्रालय (एम.एस.डी.ई.) ने ऐसे ढांचे, मानक और संस्थान तैयार किए हैं जो विश्वस्तरीय प्रतिभाओं को जन्म देते हैं। ‘वल्र्डस्किल्स एशिया’ की मेजबानी, भारत के वैश्विक स्तर पर ‘कौशल की राजधानी’ बनने की दिशा में एक अहम कदम है।-जयंत चौधरी (लेखक केंद्रीय कौशल विकास और उद्यमशीलता राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) तथा शिक्षा राज्यमंत्री हैं)

Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button