मध्यप्रदेश

कूनो में लापता है मादा चीता ‘निर्वा’? रेडियो कॉलर के नहीं मिल रहे सिग्नल, RTI एक्टिविस्ट का दावा

श्योपुर: मध्य प्रदेश के बहुचर्चित कूनो नेशनल पार्क से एक बार फिर वन्यजीवों की सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ाने वाली खबर सामने आई है। पार्क से मादा चीता ‘निर्वा’ पिछले एक हफ्ते से अधिक समय से गायब है। इस मामले के उजागर होने के बाद वन विभाग में हड़कंप मच गया है और प्रशासनिक लापरवाही के खिलाफ तीखे सवाल खड़े होने लगे हैं। स्थिति यह है कि इस मामले की शिकायत सीधे प्रधानमंत्री कार्यालय (PMO), मुख्यमंत्री, राष्ट्रीय बाघ संरक्षण प्राधिकरण (NTCA) और केंद्रीय वन मंत्री भूपेंद्र यादव तक पहुंचाई गई है।

सोशल मीडिया पोस्ट से खुला राज

यह पूरा मामला तब प्रकाश में आया जब वन्यजीव विशेषज्ञ और आरटीआई एक्टिविस्ट अजय दुबे ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर एक पोस्ट के जरिए निर्वा के गायब होने की जानकारी सार्वजनिक की। उन्होंने कूनो के फील्ड डायरेक्टर पर वन्यजीवों की मानिटरिंग करने के बजाय सोशल मीडिया पर नागरिकों और एक्टिविस्ट्स को निशाना बनाने का गंभीर आरोप लगाया। रिपोर्ट के मुताबिक, निर्वा दो शावकों की मां है और उसके गले में बंधा रेडियो कॉलर लंबे समय से खराब था, जिस वजह से उसकी सटीक लोकेशन ट्रैक करना विभाग के लिए असंभव साबित हो रहा था।

आगरा के शिकारी गिरोह से जुड़ा कनेक्शन

इस पूरे प्रकरण में सबसे डरावना पहलू यह है कि जुलाई महीने में उत्तर प्रदेश के आगरा में एक शिकारी गैंग पकड़ा गया था। ऐसा अंदेशा जताया जा रहा है कि उस गैंग ने बड़े पैमाने पर वन्यजीवों का शिकार किया है। आगरा से 10 तेंदुओं की खाल बरामद होने के बाद छह आरोपियों की गिरफ्तारी विजयपुर-करहाल इलाके से हुई थी, जो कि कूनो नेशनल पार्क के करीब है। इसी पृष्ठभूमि में यह आशंका जताई जा रही है कि कहीं मादा चीता ‘निर्वा’भी उसी शिकारी गिरोह का शिकार तो नहीं बन गई। हालांकि, वन विभाग या प्रशासन की ओर से अभी तक निर्वा की स्थिति को लेकर कोई आधिकारिक पुष्टि नहीं की गई है।

प्रोजेक्ट चीता पर सवालिया निशान

जब इस संबंध में कूनो नेशनल पार्क के फील्ड डायरेक्टर उत्तम कुमार शर्मा से संपर्क किया गया, तो उनका कहना था कि इस विषय में कोई भी पुख्ता जानकारी सामने आने पर आधिकारिक प्रेस विज्ञप्ति जारी की जाएगी, फिलहाल उन्होंने ज्यादा ब्योरा देने से इनकार कर दिया।

वहीं, दूसरी ओर शिवपुरी डीएफओ का कहना है कि कूनो क्षेत्र में लगभग 100 कैमरा ट्रैप लगाए गए हैं और संदिग्ध शिकार वाले इलाकों में भी निगरानी बढ़ाई गई है। बहरहाल, रेडियो कॉलर के काम न करने और समय पर सही मॉनिटरिंग न होने के कारण चीता प्रोजेक्ट की कार्यप्रणाली पर एक बार फिर गंभीर सवालिया निशान लग गए हैं।

  • कूनो नेशनल पार्क से मादा चीता ‘निर्वा’ का एक हफ्ते से गायब होना बड़ी चिंता का विषय है।
  • रेडियो कॉलर खराब होने के कारण पार्क प्रशासन के पास चीता की लाइव लोकेशन का कोई डेटा नहीं था।
  • आरटीआई एक्टिविस्ट अजय दुबे ने मामले की उच्च स्तरीय शिकायत पीएमओ और सीएम तक पहुंचाई है।
  • आगरा के पकड़े गए शिकारी गिरोह और कूनो के आसपास मिले वन्यजीवों के अवशेषों से मामला और उलझ गया है।
Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button