‘ऑफिस में कोई हंसता नहीं है’ बोलकर 1 दिन में नौकरी छोड़ गया कैंडिडेट, दिल्ली के एंटरप्रेन्योर ने बनाया HR हेड

Viral Post: दिल्ली में रहने वाले एंटरप्रेन्योर अभिषेक अग्रवाल ने लिंक्डइन पर उस कैंडिटेड का किस्सा शेयर किया है, जिसे उन्होंने 3 हफ्ते में 4 राउंड के इंटरव्यू के बाद सेलेक्ट किया था. अभिषेक बताते हैं कि सैलरी पर बातचीत से लेकर ऑफर देने तक सबकुछ ठीक से हुआ था. वो समय से ऑफिस भी आया था. करीब 10 मिनट तक लॉबी में बैठा था. लेकिन जब मैं उसका स्वागत करने के लिए पहुंचा तो उसने यह मौका देने के लिए शुक्रिया कहते हुए जॉइन करने से इनकार कर दिया. उसका यह जवाब सुनकर मैं हैरान रह गया.
क्या हुआ, जॉइन क्यों नहीं करना?
अभिषेक ने उस कैंडिडेट से पूछा, ‘आपको अचानक क्या हुआ? जॉइन ना करने का ख्याल मन में क्यों आया?’ इसका जवाब देते हुए उसने कहा, ‘सर, इस ऑफ़िस का माहौल नेगेटिव है. हर कोई बहुत तनाव में लग रहा है. कोई मुस्कुरा नहीं रहा है. एक व्यक्ति मीटिंग रूम से बाहर निकला और ऐसा लग रहा था जैसे वह गायब हो जाना चाहता हो.’ अभिषेक ने कहा कि कैंडिडेट का यह जवाब सुनकर मैं दंग रह गया. इसके बाद उसने मुझसे हाथ मिलाया और वो वहां से चला गया. बस ऐसे ही.
‘वो पूरी तरह से गलत नहीं था’
अभिषेक आगे लिखते हैं, ‘इस सब के बाद मैं निराश होकर अपनी डेस्क पर आ गया. मैंने ऑफिस में चारों ओर देखा. मुझे एहसास हुआ कि वह पूरी तरह गलत नहीं था. खिड़की के पास रखे पौधे सूखे हुए थे. कॉमन लॉबी एरिया खाली था. लोग बस रोबोट की तरह काम कर रहे थे. उसने यह सब 10 मिनट में देख लिया था.’
‘3 महीने में बदला ऑफिस का माहौल’
इस एहसास के बाद अभिषेक ने उस कैंडिडेट को वापस ऑफिस बुलाया और उससे ऑफिस का माहौल बदलने में मदद करने को कहा. उसने इस पॉजिटिव तरह से लिया और एंटरप्रेन्योर की मदद की. अभिषेक बताते हैं कि 3 महीनों के अंदर, उसने ऑफिस को एक खुशहाल जगह बना दिया. रिटेंशन 70% बढ़ गया. सेल्स 30% बढ़ गई. ग्लासडोर रेटिंग तेजी से ऊपर चली गई. मैंने 1 साल के अंदर उसे चीफ पीपल ऑफिसर के पद पर प्रमोट कर दिया.



