खेल

आज एशिया कप में भारत का पहला मैच, इतिहास रचने उतरेगी टीम इंडिया

भारतीय टीम आज महिला एशिया कप 2026 में अपना पहला मैच खेलेगी. इस टूर्नामेंट का आगाज 28 अगस्त से हो गया था, लेकिन टीम इंडिया का पहला मैच आज दुबई इंटरनेशनल क्रिकेट स्टेडियम में खेला जाएगा. भारत 7 बार का एशिया कप चैंपियन है, लेकिन टीम की टी20 फॉर्म लगातार चिंता का विषय बनी हुई है.

टीम इंडिया की भिड़ंत आज थाईलैंड के साथ होगी, जो अपने पहले मैच में हॉन्ग-कॉन्ग को 6 रन से हराकर आ रही है. यह मुकाबला भारतीय समयानुसार रात 8 बजे से शुरू होगा. भारत 2026 का एशिया कप जीतने का प्रबल दावेदार है, लेकिन ये आंकड़े चिंताजनक हैं कि भारत इस साल 16 में से 9 टी20 मैच हार चुका है. टी20 वर्ल्ड कप में भी भारत का प्रदर्शन निराशाजनक रहा था, जहां टीम ग्रुप स्टेज से भी आगे नहीं बढ़ पाई थी.

टीम इंडिया इतिहास रचने उतरेगी

महिला एशिया कप की शुरुआत साल 2004 में हुई थी और 2026 से पहले 9 संस्करण खेले जा चुके हैं. टीम इंडिया चाहे फाइनल में गई हो या ना, लेकिन उसने हमेशा एशिया कप टूर्नामेंट की शुरुआत जीत के साथ की है. हरमनप्रीत कौर की कप्तानी में टीम इंडिया पिछले 22 साल से चले आ रहे इस सिलसिले को कायम रखना चाहेगी.

2024 के एशिया कप में भारतीय टीम ने अपने शुरुआती मैच में पाकिस्तान को 7 विकेट से धोया था. इस बार उसके सामने थाईलैंड की चुनौती होगी. टी20 में भारत दुनिया की तीसरे नंबर की टीम है, जबकि थाईलैंड 12वें पायदान पर है. 

इसके बाद टीम इंडिया 3 सितंबर को एक्शन में दिखेगी, जहां उसका मैच हॉन्ग-कॉन्ग से होगा. उसके बाद 5 सितंबर को टीम इंडिया को पाकिस्तान से भिड़ना है.

रोड्रीग्स की भरपाई कौन करेगा?

भारतीय टीम के सामने एक बहुत बड़ी मुश्किल है, क्योंकि जेमिमा रोड्रीग्स चोट के चलते पूरे टूर्नामेंट से बाहर हो गई हैं. उनकी जगह प्रतिका रावल को स्क्वाड में स्थान मिला है. रोड्रीग्स मिडिल ऑर्डर की सबसे मजबूत कड़ी रही हैं, जो ना केवल पारी को संभाल सकती हैं बल्कि जरूरत पड़ने पर तेजी से रन बटोर सकती हैं. 

7 बार का चैंपियन है भारत

महिला एशिया कप में भारत 7 बार का चैंपियन है. टीम इंडिया इस टूर्नामेंट की सबसे सफल टीम है, जिसने 7 ट्रॉफी उठाई हैं और वह हर बार फाइनल तक पहुंची है. 2018 के फाइनल में उसे बांग्लादेश के हाथों 3 विकेट से हार मिली, जबकि 2024 के फाइनल में श्रीलंका ने टीम इंडिया को 8 विकेट से हराया था.

Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button