बिहार में खुला नौकरियों का पिटारा, 40000 रुपए वाली युवाओं को मिलेगी नौकरी, 12 जून को लगेगा रोजगार मेला

रोहतास: बिहार के रोहतास जिले के युवाओं के लिए एक सुनहरा अवसर है. बिहार सरकार के श्रम संसाधन विभाग के तहत अवर प्रादेशिक नियोजनालय, डालमियानगर द्वारा एक बड़ा जिला स्तरीय रोजगार मेले का आयोजन 12 जून को किया जा रहा है. इस मेले में 20-25 कंपनियां शामिल होंगी. जहां कंपनियों में युवाओं की भर्ती की जाएगी.
जानें कब लगेगा रोजगार मेला
रोहतास जिले में यह रोजगार मेला 12 जून 2025 को सासाराम के फजलगंज स्टेडियम परिसर में आयोजित किया जाएगा. इसमें युवाओं को तकनीकी, गैर-तकनीकी, सेल्स, मार्केटिंग, मैन्युफैक्चरिंग, लर्निंग फैसिलिटेटर और मोबिलाइजर जैसे क्षेत्रों में रोजगार के अवसर मिलेंगे.
देश की 20-25 नामी निजी कंपनियां भाग लेंगी जो अभ्यर्थियों का चयन योग्यता और पात्रता के आधार पर करेंगी. चयनित उम्मीदवारों को मौके पर ही इंटरव्यू लेकर ऑफर लेटर दिया जाएगा. चयनित युवाओं को 12,000 रुपए से 40,000 रुपए तक की सैलरी मिल सकती है.
जानें दस्तावेज और पंजीकरण की प्रक्रिया
इस रोजगार मेले में शामिल होने वाले अभ्यर्थियों को अपने सभी शैक्षणिक प्रमाण पत्रों की मूल व छायाप्रति, एनसीएस पंजीकरण संख्या और पासपोर्ट साइज फोटो लेकर आना होगा. जिनका एनसीएस पोर्टल पर पंजीकरण नहीं हुआ है, उनके लिए ऑनसाइट पंजीकरण की सुविधा भी होगी.
इन योजनाओं की स्टॉल से दी जाएगी जानकारी
इस मेले में नौकरियों के साथ-साथ बिहार सरकार की विभिन्न महत्वाकांक्षी योजनाओं से संबंधित जानकारी भी विभिन्न विभागों के स्टॉलों के माध्यम से दी जाएगी, ताकि युवा इन योजनाओं का लाभ उठाकर अपने भविष्य को सुरक्षित बना सकें.



