संपादकीय

न्याय की जीत

जनता दल (S) के पूर्व सांसद और पूर्व पीएम एचडी देवगौड़ा के पोते प्रज्वल रेवन्ना को रेप के एक मामले में मिली उम्रकैद की सजा न्याय की मिसाल है। केस दर्ज होने के करीब सालभर में पीड़िता को इंसाफ मिल गया। केस को त्वरित गति से निपटाने के लिए पुलिस से लेकर जूडिशरी तक ने असाधारण तेजी दिखाई। इससे साबित होता है कि अगर ठान लिया जाए तो कोई भी अपराधी अदालत के कटघरे से बच नहीं सकता।

विश्वास तोड़ा: प्रज्वल रेवन्ना का अपराध मानवता को शर्मसार करने वाला है। उसने कमजोर और गरीब तबके की महिलाओं से लेकर सरकारी कर्मचारियों तक को निशाना बनाया। यहां तक कि अपनी पार्टी की महिला कार्यकर्ताओं को भी नहीं छोड़ा और सभी पीड़िताओं के विडियो शूट किए थे। पुलिस के अनुसार, प्रज्वल रेवन्ना ने करीब 100 महिलाओं का यौन शोषण किया। उसने उस भरोसे का कत्ल किया, जो एक जनप्रतिनिधि पर जनता को होता है।

ताकत का गलत इस्तेमाल: पिछले साल अप्रैल में लोकसभा चुनाव से ऐन पहले प्रज्वल के निर्वाचन क्षेत्र हासन में उसके कुकृत्य को उजागर करने वाले सैकड़ों पेन ड्राइव लोगों को मिले थे। इसी के बाद उसकी असलियत सामने आई। दोषी करार दिए जाने के बाद जो प्रज्वल रेवन्ना अदालत में रो रहा था, वही मामला खुलने के बाद बचने के लिए अपनी ताकत का कोई भी इस्तेमाल करने से नहीं हिचका था। वोटिंग के तुरंत बाद अपने राजनयिक पासपोर्ट का इस्तेमाल कर वह विदेश भाग गया था। यह भी आरोप है कि उसके पिता और कर्नाटक सरकार में मंत्री रहे एचडी रेवन्ना व उसकी मां भवानी रेवन्ना ने पीड़िता का अपहरण करा लिया था, ताकि वह बयान न दर्ज करा सके।

पीड़िता की हिम्मत: प्रज्वल रेवन्ना और उसके परिवार ने अपनी ताकत व राजनीतिक पहुंच का भरपूर इस्तेमाल किया। यह मुकदमा शायद कभी अंजाम तक न पहुंचता, अगर वह पीड़िता डटी न रही होती। SIT प्रमुख बीके सिंह ने भी सर्वाइवर की तारीफ करते हुए कहा कि वह चट्टान की तरह अडिग रही। उसके हौसले और हिम्मत को सलाम करते हुए जांच एजेंसी की भी प्रशंसा की जानी चाहिए। अपराध के करीब चार साल बाद सबूतों को जुटाना और इतने गतिरोध के बीच आगे बढ़ना आसान नहीं रहा होगा।

लड़ाई अभी बाकी: प्रज्वल के खिलाफ यौन शोषण के चार मामले दर्ज किए गए थे। अभी केवल पहले का फैसला आया है यानी लड़ाई अभी लंबी है। लेकिन, इस पहले केस ने यह विश्वास पैदा किया है कि राजनीतिक हस्तक्षेप न हो और ईमानदारी बरती जाए, तो तेजी से न्याय बिल्कुल मिल सकता है।

Show More

Daily Live Chhattisgarh

Daily Live CG यह एक हिंदी वेब न्यूज़ पोर्टल है जिसमें ब्रेकिंग न्यूज़ के अलावा राजनीति, प्रशासन, ट्रेंडिंग न्यूज, बॉलीवुड, बिजनेस, रोजगार तथा टेक्नोलॉजी से संबंधित खबरें पोस्ट की जाती है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button