झारखंड के बेटों में कौन कहां? 40 टी20 इंटरनेशनल के बाद के आंकड़े, धोनी बनाम ईशान

नई दिल्ली: झारखंड की धरती ने भारतीय क्रिकेट को दो बेहतरीन विकेटकीपर-बल्लेबाज दिए हैं। एक महान महेंद्र सिंह धोनी और दूसरे युवा धाकड़ बल्लेबाज ईशान किशन । जब हम इन दोनों के शुरुआती करियर की तुलना करते हैं, तो आंकड़े एक दिलचस्प कहानी बयां करते हैं। शुरुआती 40 टी20 अंतरराष्ट्रीय मैचों के बाद, ईशान किशन रनों के मामले में धोनी से काफी आगे नजर आते हैं। हालांकि ईशान टॉप ऑर्डर के बल्लेबाज हैं और धोनी पारी को खत्म करने के लिए आते थे।
ईशान किशन ने बनाए खूब सारे रन
आंकड़ों पर गौर करें तो ईशान किशन ने अपने पहले 40 टी20 मैचों में 1,187 रन बनाए हैं, जिसमें उनका औसत 30 के आसपास रहा है और उन्होंने 9 अर्धशतक और एक शतक भी जड़ा है। बतौर ओपनर, किशन को पावरप्ले का फायदा मिला, जिससे उनके रनों की संख्या तेजी से बढ़ी।
दूसरी ओर, एमएस धोनी ने अपने शुरुआती 40 मैचों में 714 रन बनाए थे। हालांकि धोनी के रन कम दिखते हैं, लेकिन इसके पीछे का कारण उनका बल्लेबाजी क्रम था। वे अक्सर निचले क्रम में आकर मैच फिनिश करने की भूमिका निभाते थे।
बाकी आंकड़ों में कौन आगे?
स्ट्राइक रेट और प्रभाव के मामले में दोनों के बीच कड़ी टक्कर है। ईशान किशन अपनी आक्रामक शुरुआत और पावर-हिटिंग के लिए जाने जाते हैं, जो आधुनिक टी20 क्रिकेट की जरूरत है। वहीं धोनी का शुरुआती दौर संयम और मैच की परिस्थिति के अनुसार खुद को ढालने का था। ईशान का स्ट्राइक रेट जहां 145 का रहा है। वहीं धोनी का स्ट्राइक रेट 114 का था। हालांकि उस समय के क्रिकेट में और आज के क्रिकेट में जमीन आसमान का अंतर है।



