कौन हैं अमेरिका के नामी ब्रोकर्स को लाखों डॉलर की चपत लगाने वाले उमर ख़ान

अमेरिका में पाकिस्तानी मूल के व्यापारी और पूर्व राजदूत के बेटे उमर ख़ान ने दुनिया की सबसे बड़े स्टॉक एक्सचेंज वॉल स्ट्रीट के नामी ब्रोकर्स को धोखा देने की बात स्वीकार कर ली है.
उमर ख़ान पर आरोप है कि उन्होंने भोज के आयोजनों में पूंजी निवेश के नाम पर लोगों से 80 लाख डॉलर से अधिक की रक़म ठगी थी.
यह कहानी मई 2015 को अमेरिका के शहर न्यूयॉर्क से शुरू होती है जब वॉल स्ट्रीट की एक बिज़नेस कंपनी में रिसर्चर के तौर पर काम करने वाले क्रेसिमिर पेनाविक उमर ख़ान की चमक-दमक वाली दावत में शामिल हुए.
ऐसे विशेष तौर पर आयोजित होने वाले भोजों की ख़ास बात दुनिया की दुर्लभ और पुरानी वाइन यानी शराब की व्यवस्था होती थी. उमर ख़ान ने 2013 में न्यूयॉर्क में इंटरनेशनल बिज़नेस ऐंड वाइन सोसाइटी के नाम से ‘वाइन डाइन’ की शुरुआत की थी.
उमर ख़ान ने अपना मक़सद कारोबारी फ़ोरम को शराब पीने के शौक़ से जोड़ना, नामी वक्ताओं को सुनना, बढ़िया भोज और नायाब शराब का आनंद लेना बताया था.
54 साल के क्रेसिमिर पेनाविक का जन्म क्रोएशिया में हुआ था. वह वहां गणित के शिक्षक थे लेकिन रिटायरमेंट के बाद अमेरिका आ गए. कंप्यूटर प्रोग्राम के एल्गोरिदम में महारत रखने के कारण यहां वे एक वित्तीय सेवा देने वाली कंपनी में नौकरी पाने में कामयाब हो गए.
बीबीसी उर्दू के पास मौजूद उमर ख़ान के ख़िलाफ़ दर्ज मुक़दमे की कॉपी के अनुसार क्रेसिमिर पेनाविक ने बताया कि पहले डिनर के बाद उमर ख़ान उनके दोस्त बन गए और उनका भरोसा जीतने में कामयाब हो गए.
दुर्भाग्य से वे ये नहीं समझ पाए कि वह एक ख़ूबसूरत झांसे में आ गए हैं और एक ख़तरनाक जाल में फंस चुके हैं.
कैसे की ठगी?
छोड़कर पॉडकास्ट आगे बढ़ें
दिनभर
दिनभर: पूरा दिन,पूरी ख़बर (Dinbhar)
वो राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय ख़बरें जो दिनभर सुर्खियां बनीं.
दिनभर: पूरा दिन,पूरी ख़बर
समाप्त
शुरुआत में उमर ख़ान हर आयोजन के लिए क्रेसिमिर पेनाविक से 1,500 से 8,500 डॉलर वसूलते थे. कभी-कभी किसी आयोजन की फ़ीस 25 हज़ार डॉलर तक भी पहुंच जाती थी.
इस दौरान उमर ख़ान क्रेसिमिर पेनाविक को यह समझाने में लग गए कि वह उनके साथ अमीरों की वाइन ऐंड डाइन महफ़िलों में पूंजी निवेश करें.
अगले ही महीने यानी जून 2015 में उमर ख़ान ने क्रेसिमिर पेनाविक से संपर्क किया और एक महफ़िल के लिए 60 हज़ार डॉलर पूंजी निवेश का अनुरोध किया. उन्होंने बताया कि इस आयोजन पर एक लाख सत्ताईस हज़ार अमेरिकी डॉलर की लागत आएगी जो लंदन में होना था.
मुक़दमे की कॉपी से मिली जानकारी के अनुसार पहले यह आयोजन जून 2015 में होने वाला था लेकिन बाद में फ़रवरी 2017 में इसके आयोजन के बारे में बताया गया और क्रेसिमिर पेनाविक से कहा गया कि मुनाफ़े में आधा-आधा हिस्सा होगा.
उमर ख़ान ने पेनाविक से कहा कि यह आयोजन पहले से भी बड़ा होगा इसलिए 75 हज़ार डॉलर और ट्रांसफ़र किए गए. लेकिन असल में तो यह आयोजन कभी हुआ ही नहीं.
एक माह के बाद उमर ख़ान ने पेनाविक से संपर्क किया और एक दूसरे डिनर यानी एक और आयोजन में 75 हज़ार डॉलर के पूंजी निवेश की पेशकश की. इस आयोजन की लागत एक लाख तेईस हज़ार डॉलर बताई गई जो 24 फ़रवरी 2015 को होना था.
लेकिन उमर ख़ान ने बताया कि उन्हें केवल साढ़े 67 हज़ार डॉलर का मुनाफ़ा हुआ. पेनाविक को रक़म वापस तो नहीं मिली उनके अनुसार उन्हें बताया गया कि एक और आयोजन में पूंजी निवेश किया गया है. पेनाविक की याद्दाश्त के मुताबिक़ केवल यही एक आयोजन हुआ.
क्रेसिमिर पेनाविक के अलावा सानफ़ोर्ड सी ब्रिंस्टेन के सीईओ और चेयरमैन रॉबर्ट वान ब्रुग, केटो इंस्टीट्यूट के डायरेक्टर रॉबर्ट गेलफ़ंड, पीटर स्लागोविट्ज़ (स्पर्स कैपिटल के सीईओ) और मॉर्गन स्टेनले के वाइस प्रेसिडेंट लोरिन शेफ़गर ने भी उमर ख़ान पर धोखाधड़ी का आरोप लगाया है.



