शिक्षा व्यवस्था से परेशान स्कूली छात्र शिकायत लेकर कलेक्ट्रेट पहुंचे तो अधिकारियों ने उल्टा लगा दी फटकार, बच्चों ने रो-रो कर बताई अपनी पीड़ा…

खैरागढ़. शिक्षा व्यवस्था से परेशान अंतिम छोर पर स्थित गांव मूढ़ीपार के स्कूली विद्यार्थी आज अपनी पढ़ाई छोड़कर जिला मुख्यालय पहुंच गए. उनके कलेक्ट्रेट पहुंचने की वजह थी स्कूल की बायोलॉजी टीचर दामिनी सिंह का बच्चों के साथ दुर्व्यवहार और धमकियां.
केवल 10 से 12 ही दिन पढ़ाने आई बायोलॉजी टीचर
मूढ़ीपार हायर सेकेंडरी स्कूल के छात्रों का कहना है कि दामिनी सिंह जीव विज्ञान की पढ़ाई करवाने के लिए जिम्मेदार हैं, लेकिन वह विद्यालय आती ही नहीं. इस नए शिक्षा सत्र में वह केवल दस-बारह दिन ही स्कूल पहुंची हैं. स्कूल आने पर भी, वह बच्चों को डांटती हैं और प्रायोगिक परीक्षा में फेल करने की धमकी देती हैं.
स्कूल के 12वीं कक्षा की एक छात्रा ने बताया कि जब मूढ़ीपार सरकारी स्कूल में शाला विकास सिमिति की टीम पहुंची तो बच्चों ने उन्हें भी अपनी परेशानी बताई थी, जिसके बाद समिति ने स्कूल के प्रिंसिपल से इस मामले में सवाल उठाए. इस पर स्कूल के प्रिंसिपल ने मामले को यह कह कर टाल दिया कि यह हमारे स्कूल का निजी मामला है, हम निपटा लेंगें.
वहीं शाला विकास समिति के लौटने के बाद बायोलॉजी टीचर को जब उनके खिलाफ शिकायत का पता लगा, तो उन्होंने विद्यार्थियों के स्टाफ रूम बुला कर दुर्व्यवहार किया और प्रैक्टिकल एग्जाम में फेल करने की धमकी देने लगीं.



