राजनीति

इजरायल-ईरान में संघर्ष… भारत दो दोस्तों के बीच फंसा, नई दिल्ली की क्या होगी रणनीति?

नई दिल्ली:इजरायल और ईरान के बीच भयंकर युद्ध जैसे हालात देखने को मिल रहे हैं। दरअसल इजरायल के फाइटर जेट्स ने ईरान में तबाही मचाई है। इजरायल ने शुक्रवार को ईरान में कई हमले किए, जिनमें उसके परमाणु कार्यक्रम और सैन्य ठिकानों को निशाना बनाया गया। ईरान का ये परमाणु ठिकाना राजधानी तेहरान से दक्षिण में 225 किलोमीटर दूर स्थित है। इसे ईरान पर सबसे बड़ा हमला माना जा रहा है। उधर इन दो देशों के संघर्ष के बीच भारत फंस गया है। दरअसल ये दोनों देश भारत के मित्र देश हैं। ऐसे में इन दोनों देशों को लेकर भारत की रणनीति पर दुनिया की नजरें टिकी हैं।


भारत का क्या रुख?

इजराइल के प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू ने ईरान पर किए गए हमलों के लिए अंतरराष्ट्रीय समर्थन जुटाने के कूटनीतिक प्रयास के तहत भारत के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से बात की। उधर भारत ने कहा कि वह ईरान और इजराइल के बीच हाल के घटनाक्रमों से ‘बेहद चिंतित’ है और बन रही स्थिति पर ‘बारीकी से नजर रख रहा है’। भारत ने दोनों देशों से तनाव बढ़ाने वाले किसी भी कदम से बचने की अपील की। भारत ने इस बात पर जोर दिया है कि वह दोनों देशों के साथ ‘करीबी और मित्रवत संबंध’ रखता है और तनाव कम करने के वास्ते हरसंभव सहयोग देने के लिए तैयार है।


भारत और इजरायल की दोस्ती

  • भारत ने 1992 में इजराइल के साथ राजनयिक संबंध स्थापित किए थे। तब से दोनों देशों के संबंधों में मजबूती आई है।
  • नरेंद्र मोदी 2014 में केंद्र की सत्ता में आने के बाद 2017 में इजराइल के दौरे पर गए थे। इजराइल का दौरा करने वाले वह पहले भारतीय पीएम थे।
  • जब पीएम मोदी इजराइल गए थे तब बेंजामिन नेतन्याहू ने उनका हाई लेवल रेड कार्पेट स्वागत किया था। पीएम मोदी दौरे पर जहां-जहां गए थे नेतन्याहू उनके साथ थे।
  • सालों से इजराइल और भारत आतंकवाद विरोधी और रक्षा मुद्दों पर मिलकर काम कर रहे हैं। इजरायल ने पाकिस्तान के खिलाफ भारत के ऑपरेशन सिंदूर का खुलकर समर्थन किया था।
  • पहलगाम अटैक को इजराइल के प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू ने बर्बर और अमानवीय करार देते हुए भारत के लोगों और पीड़ित परिवारों के प्रति गहरी संवेदना व्यक्त की थी।

ईरान और भारत की दोस्ती पर एक नजर

  • ईरान के साथ भी भारत के अच्छे संबंध रहे हैं। दोनों के बीच मजबूत व्यापारिक संबंध हैं।
  • ऊर्जा और ढांचा निर्माण के क्षेत्र में दोनों तेज तेजी से आगे बढ़ रहे हैं। दोनों देशों के बीच कुछ करार भी हुए हैं।
  • भारत ने ईरान में स्थित रणनीतिक रूप से महत्वपूर्ण चाबहार बंदरगाह का 10 साल के लिए संचालन अधिकार हासिल किया है।
  • भारतीय कंपनियां ईरान से सस्ता तेल खरीदती हैं। ईरान और इजराइल के बीच बढ़ते तनाव का असर कच्चे तेल पर पड़ेगा।
  • जम्मू-कश्मीर के पहलगाम में हुए आतंकी हमले की ईरान ने भी कड़ी निंदा की थी। भारत दौरे पर आए ईरानी प्रतिनिधिमंडल ने नई दिल्ली में भारतीय अधिकारियों से मुलाकात की और आतंकवाद से जुड़ी घटनाओं पर चर्चा की थी।
Show More

Daily Live Chhattisgarh

Daily Live CG यह एक हिंदी वेब न्यूज़ पोर्टल है जिसमें ब्रेकिंग न्यूज़ के अलावा राजनीति, प्रशासन, ट्रेंडिंग न्यूज, बॉलीवुड, बिजनेस, रोजगार तथा टेक्नोलॉजी से संबंधित खबरें पोस्ट की जाती है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button