राजा हत्याकांड की आरोपी सोनम रघुवंशी को जमानत मिलने पर क्या था पिता का रिएक्शन?

इंदौर के राजा रघुवंशी हत्याकांड में मुख्य आरोपी और मृतक की पत्नी सोनम रघुवंशी को 10 महीने बाद जमानत मिल गई है. शिलॉंग कोर्ट ने मंगलवार(28 अप्रैल) को सोनम को जमानत दे दी है. इस बहुचर्चित मामले में ताजा घटनाक्रम ने कई लोगों को हैरान कर दिया है.
इस बीच राजा का परिवार इस जमानत का विरोध कर रहा है तो दूसरी तरफ सोनम के परिवार ने चुप्पी साध रखी है. जमानत मिलने के बाद उसके पिता से पूछा गया कि कुछ कहना चाहेंगे तो वे बिना कुछ कहे चुप्पी साधे नजर आए. इस दौरान वह मीडिया से बचते हुए दिखे हैं.
राजा रघुवंशी के भाई ने जमानत मिलने पर क्या कहा?
राजा रघुवंशी के भाई विपिन रघुवंशी ने अदालत द्वारा सोनम रघुवंशी को जमानत दिए जाने की खबरों की पुष्टि की है. विपिन ने आईएएनएस से बातचीत में कहा कि उन्होंने वकील से बात की तो उन्होंने बताया कि सोनम को जब गाजीपुर से पुलिस ने गिरफ्तार किया था तो गिरफ्तारी की वजह नहीं बताई थी. इसी आधार पर कोर्ट ने सोनम को जमानत दी है.
अब हाईकोर्ट में सोनम की जमानत खारिज करने के लिए अपील दायर करेंगे. राजा रघुवंशी की मां उमा रघुवंशी ने कहा कि हमें कानून पर पूरा भरोसा था, फिर भी सोनम को जमानत दे दी गई. सरकार को सोनम को नहीं छोड़ना चाहिए था, बल्कि उसे फांसी देनी चाहिए थी. गोविंद रघुवंशी पूरे मामले का मास्टरमाइंड है. गोविंद ने पैसा देकर सबको खरीद लिया है और जमानत में भी मदद की है.
माफी मांगने भी आएगी तो माफ नहीं करेंगे- राजा की मां
राजा रघुवंशी की मां उम रघुवंशी ने आगे कहा कि सोनम रघुवंशी अगर माफी मांगने भी इंदौर आती है तो उसे माफ नहीं करेंगे.उन्होंने कहा कि सोनम रघुवंशी को आखिर जमानत कैसे मिल गई, जब वह गुनहगार है? सोनम ने अपने पति को अपनी आंखों के सामने मरवाया था, तो जमानत किस आधार पर मिल गई? हमें तो भरोसा था कि इंसाफ मिलेगा, लेकिन नहीं मिला. प्रधानमंत्री से मांग की है कि सीबीआई की जांच कराई जाए.
उन्होंने कहा कि सोनम किसी के साथ मिलकर कुछ भी कर सकती है, इसलिए उनके परिवार को खतरा है. बता दें कि राजा रघुवंशी और उनकी पत्नी सोनम 21 मई 2025 को हनीमून मनाने शिलांग गए थे. यहां से दोनों 26 मई को सोहरा घूमने गए, जहां दोनों लापता हो गए थे. पुलिस, एनडीआरएफ, एसडीआरएफ और स्थानीय टीमों ने बड़े पैमाने पर सर्च ऑपरेशन चलाया.
करीब एक हफ्ते बाद 2 जून 2026 को राजा का शव सोहरा के मशहूर वेई सादोंग फॉल्स के पास एक गहरी खाई में मिला था. राजा रघुवंशी की हत्या का आरोप पत्नी सोनम, राज कुशवाहा और तीन हमलावर विशाल चौहान, आकाश राजपूत और आनंद कुर्मी पर लगे हैं. हालांकि इन सभी ने अपने ऊपर लगे आरोपों से इनकार किया है.



