छत्तीसगढ़

Weather Update: छत्तीसगढ़ में अगले 48 घंटे भारी बारिश की चेतावनी, मौसम विभाग ने जारी किया अलर्ट

रायपुर। छत्तीसगढ़ में मानसून पूरी तरह सक्रिय है और प्रदेश के अधिकांश हिस्सों में लगातार बारिश का दौर जारी है। पिछले 24 घंटों के दौरान कई जिलों में अच्छी वर्षा दर्ज की गई, जबकि राजधानी रायपुर में भी रविवार दोपहर तेज बारिश हुई। लगातार हो रही बारिश के कारण कई स्थानों पर नदी-नाले उफान पर हैं। मौसम विभाग ने अगले 48 घंटों के दौरान प्रदेश के उत्तरी और मध्य क्षेत्रों के कुछ स्थानों पर भारी से बहुत भारी बारिश की संभावना जताई है। विभाग के अनुसार, मनेन्द्रगढ़ में सर्वाधिक 8 सेंटीमीटर वर्षा दर्ज की गई। इसके अलावा बिल्हा और मैनपुर में 7-7 सेंटीमीटर, पटना में 6 सेंटीमीटर तथा मुंगेली, गरियाबंद, जनकपुर-भरतपुर, रामानुजगंज, बैकुंठपुर, लोरमी, लालपुर थाना, मगरलोड और चिरमिरी में 5-5 सेंटीमीटर बारिश रिकॉर्ड की गई। कई अन्य जिलों में भी 3 से 4 सेंटीमीटर तक वर्षा हुई।

सोमवार को राजधानी रायपुर में मौसम सुहावना रहने की संभावना है। आसमान में बादल छाए रहेंगे और गरज-चमक के साथ बारिश हो सकती है। अधिकतम तापमान 31 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 24 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने का अनुमान है। मौसम विभाग के अनुसार, झारखंड और उससे सटे बिहार के ऊपर बने ऊपरी हवा के चक्रवाती परिसंचरण, उत्तर बिहार से उत्तर-पश्चिम बंगाल की खाड़ी तक सक्रिय द्रोणिका तथा उत्तरी तटीय आंध्र प्रदेश और दक्षिणी छत्तीसगढ़ के ऊपर बने एक अन्य चक्रवाती परिसंचरण के प्रभाव से प्रदेश में वर्षा गतिविधियां तेज बनी हुई हैं। इसके चलते अधिकांश क्षेत्रों में हल्की से मध्यम बारिश, जबकि कुछ स्थानों पर भारी वर्षा होने की संभावना है।

विभाग ने राजनांदगांव, बिलासपुर, कोरबा, गौरेला-पेंड्रा-मरवाही, बेमेतरा, कबीरधाम, मुंगेली, सरगुजा, सूरजपुर, कोरिया और बलरामपुर जिलों के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। इन इलाकों में गरज-चमक, तेज हवाओं और भारी बारिश की आशंका है। इसके अलावा उत्तर बस्तर कांकेर, धमतरी, बालोद, गरियाबंद, महासमुंद, रायपुर, बलौदा बाजार, जांजगीर-चांपा, रायगढ़, दुर्ग सहित कई अन्य जिलों के लिए अगले तीन घंटे के दौरान बारिश को लेकर येलो अलर्ट जारी किया गया है। मौसम विभाग ने लोगों से सतर्क रहने और खराब मौसम के दौरान आवश्यक सावधानी बरतने की अपील की है।

Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button