अंतर्राष्ट्रीय

47 सेकेंड में बह गया पूरा गांव, देखें दर्दनाक वीडियो

भारी बारिश के बाद आई बाढ़ ने कई गांवों में तबाही मचाई है. दर्जनों घर ढह गए, सड़कें बंद हो गईं और लोग लापता हैं. बचाव कार्य जारी है. मौसम विभाग ने और बारिश की चेतावनी जारी की है.

चीन के दक्षिण-पश्चिमी हिस्से में स्थित सिचुआन प्रांत में भारी बारिश के बाद आई भीषण बाढ़ और मडफ्लो (कीचड़युक्त भूस्खलन) ने बड़े पैमाने पर तबाही मचाई है. बीते शुक्रवार और शनिवार को मूसलधार बारिश के कारण अचानक बहकर आया मलबा और कीचड़ गांवों में घुस गया, जिससे कई घर पूरी तरह ध्वस्त हो गए. खास तौर पर याएन और मेइशान शहरों में स्थिति अत्यंत भयावह है. सरकारी मीडिया के मुताबिक, एक पूरा गांव मडफ्लो की चपेट में आ गया है, जहां दर्जनों घर ढह चुके हैं और कई लोग लापता हैं.

प्रभावित इलाकों से सैकड़ों लोगों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाया गया है. कई इलाकों में सड़कें कीचड़ और मलबे से पूरी तरह बंद हो चुकी हैं, जिससे राहत और बचाव कार्यों में भी बाधा आ रही है. कुछ पुल बह गए हैं और कई जगह संचार व्यवस्था पूरी तरह ठप है. बिजली और पानी की सप्लाई ठप हो गई है, जिससे स्थानीय लोग और ज्यादा परेशान हैं.

सरकारी एजेंसियों ने युद्धस्तर पर राहत कार्य शुरू कर दिए हैं. सैकड़ों बचावकर्मी और खोजी दल मलबे में दबे लोगों की तलाश में जुटे हैं. खोजी कुत्तों और ड्रोन की भी मदद ली जा रही है. चीन के मौसम विभाग ने चेतावनी दी है कि आने वाले कुछ दिनों तक भारी बारिश की आशंका बनी हुई है, जिससे बाढ़ और मडफ्लो की स्थिति और खराब हो सकती है. विशेषज्ञों का मानना है कि जलवायु परिवर्तन और बेतरतीब निर्माण कार्यों ने इस क्षेत्र की भौगोलिक स्थिति को कमजोर कर दिया है, जिससे भूस्खलन और मडफ्लो की घटनाएं लगातार बढ़ रही हैं. मानसून के मौसम में चीन अक्सर बाढ़ से जूझता है, लेकिन इस बार सिचुआन में आई तबाही ने प्रशासन को भी चौंका दिया है.

सरकार ने राहत कार्यों के लिए विशेष फंड जारी कर दिया है और कहा है कि प्रभावित लोगों के पुनर्वास के लिए सभी जरूरी संसाधनों को तुरंत पहुंचाया जाएगा. सोशल मीडिया पर इस तबाही के कई वीडियो वायरल हो रहे हैं, जिनमें मेट्रो स्टेशन, मॉल और सड़कों पर भरे पानी की भयावह तस्वीरें देखी जा सकती हैं. मॉस्को न्यूज ने एक वीडियो शेयर किया है, जिसमें बाढ़ का रौद्र रूप साफ नजर आ रहा है. स्थानीय प्रशासन ने नागरिकों से आग्रह किया है कि वे ऊंचे और सुरक्षित इलाकों की ओर जाएं और मौसम विभाग की चेतावनियों का पालन करें, ताकि जान-माल की हानि को रोका जा सके.

Show More

Daily Live Chhattisgarh

Daily Live CG यह एक हिंदी वेब न्यूज़ पोर्टल है जिसमें ब्रेकिंग न्यूज़ के अलावा राजनीति, प्रशासन, ट्रेंडिंग न्यूज, बॉलीवुड, बिजनेस, रोजगार तथा टेक्नोलॉजी से संबंधित खबरें पोस्ट की जाती है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button