छत्तीसगढ़

केंद्रीय गृहमंत्री शाह आज करेंगे नक्सलवाद पर हाई लेवल मीटिंग

CG Morning News : रायपुर. केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह रविवार यानी 8 फरवरी को सुबह 11 बजे से बैठकों के दौर की शुरुआत करेंगे. शाम 5 बजे तक नक्सलवाद पर एक हाई लेवल मीटिंग करेंगे, जिसमें केंद्र और राज्य सरकार के वरिष्ठ अधिकारियों के साथ चर्चा होगी. LWE (वामपंथी उग्रवाद) और संबंधित विभागों की समीक्षा बैठक में आगे की रणनीति तय की जाएगी. शाम 5 बजे से 6.10 बजे तक अमित शाह एक निजी कार्यक्रम में शामिल होंगे. इसके बाद वे निजी होटल में ही रात्रि विश्राम करेंगे.

छत्तीसगढ़ दौरे पर केंद्रीय मंत्री खट्टर

रायपुर. केंद्रीय ऊर्जा, आवासन एवं शहरी कार्य मंत्री मनोहर लाल खट्टर आज एक दिवसीय छत्तीसगढ़ प्रवास पर रहेंगे. इस दौरान वे राजधानी में विभिन्न कार्यक्रमों में शिरकत करेंगे. स्थानीय मीडिया से रू-ब-रू होंगे. केन्द्रीय मंत्री दोपहर सवा 12 बजे दिल्ली से निजी विमान द्वारा स्वामी विवेकानंद एयरपोर्ट पहुंचेंगे. यहां से वे कुछ देर के लिए राज्य अतिथि गृह ‘पहुना’ जाएंगे. इसके बाद दोपहर 1 बजे न्यू सर्किट हाउस के कॉन्फ्रेंस हॉल में प्रेस कॉन्फ्रेंस को संबोधित करेंगे. निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार केन्द्रीय मंत्री मनोहर लाल राजधानी के वीआईपी रोड स्थित एक निजी होटल में आहूत ‘बजट संवाद कार्यक्रम’ में बतौर मुख्य अतिथि शामिल होंगे. इस दौरान वे बजट के प्रमुख पहलुओं और विकास योजनाओं पर चर्चा करेंगे.

मुख्यमंत्री साय होंगे अहम बैठक में शामिल 

मुख्यमंत्री विष्णु देव साय आज केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह के साथ एक अहम बैठक में शामिल होंगे. सुबह 10 बजे वे मुख्यमंत्री निवास से एक निजी होटल के लिए रवाना होंगे. निजी होटल में सुबह 11 बजे से रात 9 बजे तक विभिन्न बैठकों में हिस्सा लेंगे. इन बैठकों में नक्सलवाद से जुड़े मुद्दों पर विस्तृत चर्चा होगी, साथ ही नक्सलवाद के खात्मे के बाद बस्तर के समग्र विकास की रूपरेखा पर भी मंथन किया जाएगा. बैठक में उप मुख्यमंत्री विजय शर्मा भी मौजूद रहेंगे. रात 9.30 बजे मुख्यमंत्री मुख्यमंत्री निवास लौटेंगे.

उप अभियंता भर्ती परीक्षा आज

रायपुर. व्यापमं द्वारा नवा रायपुर अटल नगर विकास प्राधिकरण के अंतर्गत उप अभियंता (सिविल/लोक स्वा. यां.) भर्ती परीक्षा कल 8 फरवरी को पूर्वान्ह 11 बजे से दोपहर 1.15 बजे तक आयोजित की जाएगी. अभ्यर्थियों को दो घंटे पहले परीक्षा केन्द्र पहुंचना होगा. उन्हें परीक्षा के लिए मूल फोटो आईडी लेकर उपस्थित होना होगा. बिना मूल फोटो आईडी परीक्षा केन्द्र में प्रवेश नहीं दिया जाएगा. परीक्षार्थियों को निर्देशित किया गया है कि उन्हें हल्के रंग के आधी बांह वाले कपड़े पहनकर आना होगा. काले, गहरे नीले, हरे, जामुनी, बैगनी व चॉकलेटी रंग के कपड़े पहनना वर्जित है.

वालीबॉल चैम्पियनशिप का फाइनल आज, केरल और तमिलनाडु के बीच होगी भिड़ंत 

छत्तीसगढ़ वालीबॉल एसोसिएशन द्वारा राजधानी के इंडोर स्टेडियम में 37वीं फेडरेशन कप वालीबॉल चैम्पियनशिप आयोजित की जा रही है. रविवार को स्पर्धा का फाइनल मैच शाम 5.30 बजे खेला जाएगा. पिछले साल के चैम्पियन इंडियन रेलवे को हराकर केरल ने बड़ा उलटफेर करते हुए फाइनल में जगह बना ली. केरल की टीम पिछले साल सीनियर नेशनल की उपविजेता थी. वहीं पिछले साल चौथे स्थान पर रहने वाली टीम तमिलनाडु ने पंजाब को हराकर फाइनल में पहुंची. तीसरे स्थान के लिए रेलवे और पंजाब के बीच मुकाबला होगा. इसी प्रकार महिला वर्ग का आखिरी लीग मैच केरल और इंडियन रेलवे के बीच होगा. इसमें दोनों टीम की जीत-हार चैम्पियन तय कर देगी. इस प्रतियोगिता में श्रेष्ठ प्रदर्शन के आधार पर भारतीय टीम के लिए खिलाड़ियों का चयन किया जाएगा. इसके लिए कोच श्री ड्रेगन और उनके सहायक आशुतोष मिश्रा भी पहुंचे हैं.

एसोसिएशन के उपाध्यक्ष व आयोजन सचिव अकरम खान ने बताया कि शनिवार को स्पर्धा के पांचवें दिन हुए महिला वर्ग के मुकाबले में राजस्थान ने छत्तीसगढ़ को 3-0 से हरा दिया, स्कोर सेट 25-16, 25-10, 25-09 था. वहीं दूसरा मैच भारतीय रेलवे और इंडियन यूनिवर्सिटी के बीच खेला गया. इसमें रेलवे ने 3-0 से जीत दर्ज की. इस मैच का स्कोर सेट 25-13, 25-08, 25-21 रहा. इसी प्रकार पुरुष वर्ग के सेमीफाइनल में तमिलनाडु ने पंजाब को 25-19, 25-21, 25-14 से हराकर फाइनल में जगह बनाई. दूसरे सेमीफाइनल में केरल की टीम रेलवे को 15-9 से पराजित कर फाइनल में पहुंच गई. पांच सेट के इस मैच में दोनों टीम ने जमकर संघर्ष किया.

चुनाव आयोग सुनिश्चित करे कि फार्म-7 का दुरुपयोग न हो : बैज

रायपुर. प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष दीपक बैज ने कहा, भाजपा एसआईआर प्रक्रिया को प्रशासनिक अधिकारियों पर दबाव बनाकर गड़बड़‌यां कर रही है. वर्तमान में चल रही विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण (एसआईआर) के अंतर्गत मतदाता नाम विलोपन के लिए आवेदन फार्म-7 का कई जिलों में दुरुपयोग किया जा रहा है. यह अत्यंत चिंताजनक है, क्योंकि इससे पात्र एवं वास्तविक मतदाताओं के नाम बिना जानकारी, सहमति के मतदाता सूची से हटाए जाने की साजिश चल रही है. उन्होंने कहा, प्रदेश की भाजपा द्वारा बड़ी संख्या में फार्म-7 का प्रिंट करवाकर आपत्ति करवाई जा रही है. आपत्ति अनाधिकृत लोगों द्वारा की जा रही है और अनाधिकृत अधिकारी को आपत्ति दी जा रही है, जो कानून का खुला उल्लंघन है. भारतीय जनता पार्टी, सरकार की शक्ति का दुरुपयोग कर रही है. अधिकतर में शिकायतकर्ता का अस्तित्व ही नहीं है. जहां शिकायतकर्ता का अस्तित्व है, वहां पर शिकायत झूठी है. निर्वाचन आयोग द्वारा अस्तित्वहीन शिकायतकर्ता के विरुद्ध जाकर जमा की गयी शिकायतों को तत्काल निरस्त करने की कार्यवाही की जाए. उन्होंने मांग की है कि बीएलओ एवं निर्वाचन अधिकारियों को स्पष्ट दिशा निर्देश जारी किए जाएं कि बिना पुख्ता प्रमाण के फार्म-7 स्वीकार न करें.

Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button