नवागढ़ में शराब पीने के बाद दो की मौत, पुलिस जांच में जुटी

जांजगीर चांपा : नवागढ़ थाना क्षेत्र के भठली गांव में दो लोगों की संदिग्ध मौत हुई है. मौत के बाद शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया. परिजनों के मुताबिक बीती रात दोनों ने देसी शराब पी थी. जिसके बाद दोनों बेहोश मिले.
परिजनों ने बताई आपबीती : मृतक रोहित सतनामी के भाई ग्रहण ने बताया कि रोहित मजदूरी का काम करने के बाद शाम को घर पंहुचा और घूमने के लिए बाइक लेकर निकला. 15 मिनट बाद फोन से सूचना मिली कि उसकी तबीयत बिगड़ गई है.
आसपास के लोगों से पूछने पर पता चला कि राम गोपाल ने सीता राम सतनामी और रोहित को देसी शराब दिया था.शराब का सेवन करते ही दोनों के मुंह से झाग निकला.गंभीर हालत में दोनों को अस्पताल में भर्ती कराया गया.जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया- ग्रहण तेंदुलकर, मृतक का भाई
अस्पताल में इलाज के दौरान मौत : नवागढ़ थाना के भठली गांव में गुरुवार शाम सीता राम सतनामी और रोहित सतनामी की संदिग्ध अवस्था में मिले. जिसकी सूचना परिजनों को दी गई. नवागढ़ सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र से दोनों को जिला अस्पताल रेफर किया गया.जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया.जिसके बाद पुलिस को सूचना दी गई.पुलिस ने दोनों शवों का पंचनामा करने के बाद पोस्टमार्टम के लिए भिजवा दिया. फिलहाल पुलिस पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार कर रही है.
परिजनों ने दोनों को उपचार के लिए नवागढ़ समुदायिक स्वास्थ्य केंद्र लाया.जहां से उन्हें जिला अस्पताल रेफर किया गया. जहां दोनों को डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया. मामले ने नवागढ़ पुलिस ने मर्ग कायम कर विवेचना शुरू कर दी है- भास्कर शर्मा, थाना प्रभारी नवागढ़
इस पूरे मामले में परिजनों ने इस मामले की जांच और दोषियों के खिलाफ करवाई की मांग की है. नवागढ़ थाना क्षेत्र के रोकदा और अमोदा गांव में भी दो साल पहले इसी तरह शराब पीने से मौत हुई थी. एक बार फिर शराब से जान जाने की आशंका है.फिलहाल पुलिस पीएम रिपोर्ट आने के बाद ही कुछ नतीजे पर पहुंच पाएगी.



