ट्रैफिक जाम बन रहा मेंटल स्ट्रेस की वजह, स्ट्रेसफ्री कर सकेंगे ड्राइव

आजकल की भागदौड़ भरी जिंदगी और ट्रैफिक जाम, बड़े शहरों की रोजमर्रा की कहानी बन गए हैं. लंबे समय तक ट्रैफिक जाम में फंसे रहना न सिर्फ शारीरिक रूप से थकाऊ होता है, बल्कि मानसिक स्वास्थ्य पर भी नकारात्मक प्रभाव डालता है. घंटों सड़क पर फंसे रहने, काम में हो रही देरी और बार-बार रुकने के कारण चिड़चिड़ापन, तनाव, और एंग्जायटी बढ़ने लगती है. क्लीवलैंड क्लिनिक के मुताबिक, ट्रैफिक जाम से होने वाली एंग्जाइटी हमारे मस्तिष्क के नैचुरल रिस्पॉन्स सिस्टम पर नकारात्मक प्रभाव डालती है. इस दौरान शरीर में एक “फाइट-ऑर-फ्लाइट” रिलीज होती है, और जब इसे कहीं भी रिलीज नहीं किया जा सकता, तो शारीरिक असहजता महसूस होने लगती है. इससे दिल की धड़कन तेज हो जाती है, सांसें भारी होने लगती हैं, और ऐसा लगता है कि कुछ गलत होने वाला है. इस स्थिति में आप कुछ कर नहीं पाते और तनाव धीरे-धीरे बढ़ता जाता है.
माइंड मेकअप करें
यह याद रखें कि अगर आप कुछ मिनट लेट हो जाएं तो इससे दुनिया खत्म नहीं हो जाएगी. हो सकता है कि आपको या औरों को परेशानी हो या कुछ दिक्कतों का सामना करना पड़े, लेकिन याद रखिए कि आपके पहुंचते ही 20 मिनट के बाद ही लोग आपके लेट होने की परेशानी को भूल जाएंगे. वैसे भी ट्रैफिक जाम की परेशानी से सभी जूझते हैं. इसलिए माइंड मेकअप करें और रिलैक्स होकर ड्राइव करें.
फिजिकल एक्शन पर दें ध्यान
इस बात को सोचकर परेशान न हों कि आप क्या नहीं कर सकते, बल्कि आप इस बात को लेकर अलर्ट रहें कि आप गाड़ी के अंदर बैठकर खुद को किस तरह एक्टिव और कंफर्टेबल रख सकते हैं. इस तरह आप लंबे समय तक बैठे रहने पर भी मेंटली फिजिकली रिलैक्स रहेंगे.


