Trade Setup : बाजार खुलने से पहले पूरी तैयारी, ट्रेड सेटअप के लिए सभी छोटी-बड़ी बातें यहां जानिए

घरेलू शेयर बाजार में बुधवार को खराब शुरुआत के बाद शानदार रिकवरी देखने को मिली. SBI, Bank of Baroda समेत सरकारी बैंकों में अच्छी तेजी दिखी. बुधवार को दिनभर के कारोबार के बाद सेंसेक्स 267.64 अंक यानी 0.37% की बढ़त के साथ 71,822.83 और निफ्टी 96.80 अंक यानी 0.45% की बढ़त के साथ 21,840.05 के स्तर पर बंद हुआ. बैंक निफ्टी दिन के निचले स्तरों से करीब 3% की बढ़त के साथ बंद हुआ. इस इंडेक्स की तेजी में SBI और Axis Bank का करीब 70% योगदान रहा. बैंक निफ्टी 406 अंक चढ़कर 45,908 के स्तर पर बंद हुआ. निफ्टी मिडकैप इंडेक्स भी 496 अंक यानी 1% की बढ़त के साथ 48,332 के स्तर पर बंद हुआ था.
रेलिगेयर ब्रोकिंग के अजीत मिश्रा का कहना है कि मिलेजुले संकेतों के बीच बाजार में कंसोलिडेशन देखने को मिल सकता है. निफ्टी में और तेजी आती है तो यह 22,000 – 22,150 के जोन में फंस सकता है. ट्रेडर्स को स्टॉक सेलेक्शन पर फोकस करना चाहिए और फिलहाल आक्रामक दांव से बचना चाहिए.
LKP सिक्योरिटीज के सीनियर टेक्निकल एनालिस्ट, रूपक डे का मानना है कि निफ्टी में आज तेज उठा-पटक देखने को मिली. हालांकि, 21850 के स्तर तक बाजार में अभी भी दायरे में कारोबार या फिर निगेटिव सेंटीमेंट ही देखने को मिल रहा है. 21,8500 के ऊपर अच्छी तेजी देखने को मिल सकती है. 21,850 के पार निफ्टी 22,200 की ओर बढ़ सकता है. छोटी अवधि के लिए 21,700 के स्तर पर सपोर्ट होगा.
HDFC Securities के नागराज शेट्टी का कहना है कि बुधवार को डेली चार्ट पर बड़ा बुल कैंडल बनते दिखा है. ये पिछले कुछ दिनों के छोटे बुल कैंडल के मुकाबले बड़ा है. इस पैटर्न को बुलिशन इनगल्फिंग पैटर्न माना जा सकता है. इसका मतलब है कि छोटी अवधि में निफ्टी में अच्छी तेजी देखने को मिल सकती है. शेट्टी ने निफ्टी के लिए 21,500 के स्तर पर अहम सपोर्ट बताया है. वहीं, 21850 के स्तर पर रेजिस्टेंस है. इसके ऊपर यह इंडेक्स 22,000 – 22,100 के स्तर पर पहुंच सकता है.
ग्लोबल बाजारों से संकेत
ग्लोबल बाजारों से आज अच्छे संकेत मिल रहे हैं. अमेरिकी बाजार कल बढ़त के साथ बंद हुआ. S&P 500 इंडेक्स करीब 1% की बढ़त के सात 5000.62 के स्तर पर बंद हुआ. नैस्डैक में 1.3% और डाओ जोंस में 150 अंकों से ज्यादा की तेजी दिखी. Nvidia के स्टॉक में कल 2.5% की तेजी दिखी, जिसके बाद ये कंपनी कुछ समय के लिए मार्केट कैपिटलाइजेशन के लिहाज से Alphabet को पीछे छोड़ने में कामयाब रही. कच्चे तेल के दाम में भी नरमी देखने को मिल रही है. ब्रेंट क्रूड ऑयल 81 डॉलर प्रति बैरल के पार है.
एशिया के बाजारों की बात करें तो यहां भी बुधवार की गिरावट के बाद आज तेजी दिख रही है. जापान का निक्केई इंडेक्स 0.77% की बढ़त के साथ 38000 के करीब है. दक्षिण कोरिया का कोस्पी इंडेक्स और हॉन्ग कॉन्ग के हैंग सैंग इंडेक्स में भी तेजी दिख रही है. चीन के बाजार आज भी बंद हैं. जापाना और सिंगापर की जीडीपी अनुमान से कमजोर रहे हैं. चौथी तिमाही में जापान की जीडीपी में 0.4% की गिरावट रही है. लगातार दूसरी तिमाही के दौरान जीडीपी में गिरावट के बाद जापान अब तकनीकी रूप से मंदी में पहुंच चुकी है.
FIIs-DIIs के आंकड़े
लगातार दो दिन बाद बुधवार को विदेशी संस्थागत निवेशकों की ओर से कैश मार्केट में बिकवाली देखने को मिली है. बुधवार को FIIs ने कैश मार्केट में ₹3929.60 करोड़ के शेयर बेचे हैं. वहीं DIIs ने इस दिन कैश मार्केट में ₹2897.98 करोड़ के शेयर खरीदे हैं.
F&O में बैन शेयर
आज कुल 14 स्टॉक्स F&O बैन में हैं. Hind Copper एक बार फिर इस लिस्ट में शामिल हुआ है. इसके अलावा AB Fashion Retail, Ashoka Leyland, Aurobindo Pharma, Bandhan Bank, Balrampur Chini, Bicon, Delta Corp, India Cements, Indus Tower, National Alluminium, PNB, SAIL और ZEEL इस लिस्ट में बरकरार हैं.
कॉरपोरेट एक्शन पर नजर
आज सिर्फ दो कंपनियों के दिसंबर तिमाही नतीजे जारी होने हैं. ये कंपनियां R Systems International और EPack Durables हैं. 4 कंपनियों के लिए एक्स-डिविडेंड डेट है. CCL Products ₹2.50, Nestle India ₹7, Power Grid ₹4.5 और Uno Minda ₹0.65 का अंतरिम डिविडेंड दे रही हैं. इसके अलावा KPI Energy Green के बोनस के लिए आज एक्स-डेट है. ये कंपनी 1:2 रेश्यो में बोनस शेयर जारी करेगी.



