छत्तीसगढ़व्यापार

टमाटर के दाम में 20 रुपए प्रति किलो की उछाल, बेमौसम बारिश ने बिगाड़ा सब्जी बाजार, कीमतें छूने लगीं आसमान

 रायपुर। छत्तीसगढ़ में बेमौसम बारिश और प्री-मानसून गतिविधियों के चलते सब्जी बाजार में भारी उथल-पुथल मच गई है। राजधानी रायपुर सहित प्रदेश की प्रमुख सब्जी मंडियों में टमाटर की कीमतों में जबरदस्त उछाल देखने को मिला है। केवल 10 दिनों में टमाटर के दाम थोक में 100 रुपये प्रति कैरेट से बढ़कर 400 रुपये प्रति कैरेट तक पहुंच गए हैं, यानी करीब चार गुना की बढ़ोतरी हुई है।

टमाटर की आवक लोकल बाड़ियों से बंद हो गई है, और अब टमाटर बैंगलोर से मंगाया जा रहा है। स्थानीय फसलें बारिश के कारण खराब हो चुकी हैं, जिससे बाजार में टमाटर की कमी हो गई है। नतीजतन, टमाटर के खुदरा दाम 60 से 80 रुपये प्रति किलो तक पहुंच चुके हैं।

सभी सब्जियों के दाम बढ़े

टमाटर ही नहीं, बल्कि अन्य सब्जियों के दाम भी तेजी से बढ़ रहे हैं। थोक बाजार में भिंडी, बैंगन, लौकी, परवल, टिंडा जैसी सब्जियां 30 से 60 रुपये किलो तक बिक रही हैं, जबकि खुदरा बाजार में ये 40 से 80 रुपये प्रति किलो तक पहुंच गई हैं। व्यापारियों के अनुसार, सब्जियों की आपूर्ति अब कर्नाटक, महाराष्ट्र, मध्यप्रदेश और गुजरात से हो रही है, क्योंकि लोकल फसलें बर्बाद हो चुकी हैं।

बारिश के बाद और बढ़ सकते हैं दाम

थोक विक्रेताओं का कहना है कि आगामी मानसून सीजन में यदि बारिश की तीव्रता बनी रही, तो सब्जियों की आपूर्ति और अधिक प्रभावित हो सकती है। इससे आने वाले हफ्तों में सब्जियों के दाम और अधिक बढ़ने की संभावना है।

Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button