आज इंग्लैंड के सामने नंबर वन की कुर्सी बचाने की आखिरी जंग

एजेंसियां— साउथम्प्टन, टी-20 इंटरनेशनल क्रिकेट में इस समय एक बड़ा उलटफेर देखने को मिल रहा है। मौजूदा विश्व चैंपियन भारतीय क्रिकेट टीम के सिर से टी-20 रैंकिंग का ताज छीनने का खतरा मंडरा रहा है। भारत के खिलाफ पांच मैचों की टी-20 सीरीज में 3-0 की अजेय बढ़त हासिल करने के बाद, इंग्लैंड की टीम अब इतिहास रचने की दहलीज पर खड़ी है। शृंंखला का आखिरी मुकाबला शनिवार को साउथम्प्टन में खेला जाना है, जो न केवल इस सीरीज का अंत करेगा बल्कि वैश्विक टी-20 रैंकिंग का समीकरण भी बदल सकता है। अगर इंग्लैंड इस मैच को जीत लेता है, तो वह भारत को पछाडक़र आईसीसी टी-20 रैंकिंग में शीर्ष स्थान पर काबिज हो जाएगा।
इस शृंखला की शुरुआत से पहले किसी ने भी नहीं सोचा था कि विश्व चैंपियन भारत को इस तरह के एकतरफा मुकाबले का सामना करना पड़ेगा। खुद इंग्लैंड के कप्तान हैरी ब्रूक ने स्वीकार किया है कि उन्हें भारत जैसी मजबूत टीम के खिलाफ इतनी आसान सफलता की उम्मीद नहीं थी। अब भारत के सामने अपनी साख बचाने और आईसीसी रैंकिंग में अपना नंबर वन का स्थान सुरक्षित रखने की आखिरी चुनौती है। साउथम्प्टन में होने वाले अंतिम मुकाबले में भारतीय टीम को अपनी पूरी ताकत झोंकनी होगी। अगर भारतीय टीम यह मैच हारती है, तो न केवल शृंखला 4-0 से गंवाएगी बल्कि टी-20 की बादशाहत भी खो देगी।



