अलग अलग सड़क हादसों में तीन लोगों की मौत, गौरेला में लगा जाम

कवर्धा/ बलरामपुर/गौरेला: छत्तीसगढ़ में अलग अलग सड़क हादसों में तीन लोगों की मौत हुई है. कबीरधाम जिले में एक अज्ञात वाहन ने लगभग 40 वर्षीय अज्ञात व्यक्ति को रौंदा दिया. घटना कवर्धा सिटी कोतवाली थाना अंतर्गत ग्राम राम्हेपुर के पास रायपुर जबलपुर नेशनल हाइवे 30 के राइस मिल के पास की है. लोगों ने सुबह सड़क पर एक व्यक्ति की लाश देखी. ग्रामीणों ने डॉयल 112 को सूचना दिया.
सूचना मिलते ही पुलिस की टीम मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लिया. आसपास गांव वालों से मृतक की पहचान कराई गई लेकिन पहचान नहीं हो पाई, मृतक का सिर पुरी तरहा कुचल गया है, जिससे उसकी पहचान करने में दिक्कत आ रही है. पुलिस व्यक्ति के हाथ में बने रानी नाम के टैटू से युवक की पहचान पता करने का प्रयास कर रही है.
फिलहाल पुलिस ने शव का पंचनामा कर पोस्टमार्टम के लिए मर्चुरी भेज दिया है. परिजनों के मिलने के बाद पोस्टमार्टम किया जाएगा. कोतवाली प्रभारी लालजी सिन्हा ने बताया कि अज्ञात वाहन द्वारा एक्सिडेंट से एक अज्ञात व्यक्ति की मौत हुई है. मृतक की पहचान की जा रही है लेकिन कुछ भी पता नहीं चल पाया है. पुलिस की टीम आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही है, ताकि आरोपी वाहन चालक का पता चल सके.
गौरेला पेंड्रा मरवाही जिले में भी एक बार फिर रफ्तार का कहर देखने को मिला, जहां दो अलग अलग सड़क हादसे हुए. राहत की बात यह रही कि कोई जनहानि नहीं हुई लेकिन हादसों के चलते यातायात बाधित रहा.घटना की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और यातायात को सामान्य कराने में जुट गई.
दर्दनाक सड़क हादसे में दो बाइक सवार की मौत: बलरामपुर जिले के विजयनगर पुलिस चौकी अंतर्गत रामानुजगंज वाड्रफनगर मुख्य मार्ग पर भीषण सड़क दुघर्टना हुई, जहां तेज रफ्तार ट्रक की टक्कर से बाइक सवार दो लोगों की घटना स्थल पर ही मौत हो गई.विजयनगर चौकी प्रभारी अश्विनी सिंह ने बताया कि दोनों मृतक रमाशंकर पोया और लखपति पोया रघुनाथ नगर के रहने वाले थे.
शादी कार्ड बांटकर वापस लौटने के दौरान अज्ञात ट्रक की टक्कर से दोनों घायल हुए, जिन्हें रामानुजगंज अस्पताल ले जाया गया. गंभीर रूप से घायल होने की वजह से दोनों की मौत हो गई. मृतकों के शवों को पोस्टमार्टम कराने के बाद अंतिम संस्कार के लिए परिजनों को सौंप दिया गया है. पुलिस ने केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है वहीं फरार ट्रक चालक की तलाश जारी है- अश्विनी सिंह, चौकी प्रभारी
गौरेला में पहला हादसा: गौरेला से वेंकटनगर मुख्यमार्ग पर मथुरा पेट्रोल पम्प के पास हादसा हुआ. तेज रफ्तार ट्रेलर ने ट्रक को पीछे से जोरदार ठोकर मारी, जिससे ट्रक जाकर एक स्कूल बस से टकरा गया. जिसके बाद आसपास के लोगो ने नशे में धुत ट्रेलर चालक को गौरेला पुलिस के हवाले किया.
गौरेला में दूसरा हादसा: गौरेला वेंकटनगर मुख्यमार्ग में स्थित गिरवर गांव में भी हादसा हुआ. वेंकटनगर की ओर से आ रहा तेज रफ्तार ट्रेलर सुबह 3.30 बजे के आसपास बेकाबू होकर सड़क किनारे बनी नाली में जा घुसी और ट्रेलर के पीछे का ट्राला सड़क पर आने से दोनों ओर से लंबा जाम लग गया.
घटना की सूचना ग्रामीणों ने डायल112 पुलिस को दी. जिसके बाद 112 की टीम मौके पर पहुंची लेकिन ट्रेलर चालक वहां से भाग गया. पुलिस ने 3 से 4 घंटे की मशक्कत के बाद ट्रेलर को सड़क से हटाया और बाधित यातायात को सामान्य कराया.



