छत्तीसगढ़

नौकरी का झांसा देकर चेन्नई ले जाई गई छत्तीसगढ़ की 3 युवतियां, वीडियो जारी कर लगाई मदद की गुहार

अंबिकापुर। सरगुजा जिले के सीतापुर थाना क्षेत्र से प्लेसमेंट के नाम पर तीन युवतियों को चेन्नई ले जाने का मामला सामने आया है। आरोप है कि जशपुर में तीन माह की सिलाई ट्रेनिंग कराने के बाद युवतियों को रोजगार दिलाने का झांसा देकर तमिलनाडु के कांचीपुरम (चेन्नई) ले जाया गया, जहां वे अब फंस गई हैं।

जानकारी के अनुसार, तीनों युवतियां सीतापुर क्षेत्र के भरतपुर, बेलजोरा और बिनई गांव की रहने वाली हैं। परिजनों का आरोप है कि दो युवतियों और एक युवक ने नौकरी का भरोसा दिलाकर उन्हें अपने साथ ले गए थे। अब जब युवतियां घर लौटना चाहती हैं तो उनसे 10-10 हजार रुपये की मांग की जा रही है।

वहीं चेन्नई में फंसी युवतियों ने मोबाइल के जरिए सीतापुर विधायक रामकुमार टोप्पो से संपर्क कर मदद की गुहार लगाई। मामले की जानकारी मिलते ही विधायक ने पुलिस और जिला प्रशासन के अधिकारियों से चर्चा कर तत्काल कार्रवाई करने के निर्देश दिए। उन्होंने युवतियों को सुरक्षित वापस लाने का आश्वासन भी दिया है।

इधर, मामला सामने आने के बाद पुलिस ने जांच शुरू कर दी है। अधिकारियों का कहना है कि पूरे प्रकरण की जांच की जा रही है और युवतियों को सुरक्षित वापस लाने के लिए आवश्यक कदम उठाए जा रहे हैं। साथ ही यह भी पता लगाया जा रहा है कि रोजगार के नाम पर उन्हें किन परिस्थितियों में चेन्नई ले जाया गया और इसमें किन लोगों की भूमिका रही। फिलहाल यह मामला सीतापुर थाना क्षेत्र का है और पुलिस सभी पहलुओं की जांच में जुटी हुई है।

Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button