खेल

बुमराह से डरा हुआ था यह इंग्लिश बल्लेबाज, नई गेंद आने से पहले खत्म करना चाहता था खेल

IND vs ENG: भारत और इंग्लैंड के बीच दूसरा टेस्ट दो जुलाई से शुरू होने वाला है. पहले टेस्ट में भारत को पांच विकेट से हार का सामना करना पड़ा. हालांकि इंग्लैंड के बल्लेबाज भारतीय स्टार जसप्रीत बुमराह से डरे हुए थे. जेमी स्मिथ ने बताया कि वे नई गेंद आने से पहले मैच खत्म करना चाहते थे, क्योंकि बुमराह नई गेंद से बड़ा नुकसान कर सकते थे.

इंग्लैंड के बल्लेबाजों ने पांच मैचों की सीरीज के शुरुआती टेस्ट के पांचवें दिन 82वें ओवर में रवींद्र जडेजा के खिलाफ आक्रामक रूख अपना कर मैच को जल्दी जीतने का फैसला किया, क्योंकि उन्हें लगा कि भारत विकेट की तलाश में अपने स्ट्राइक गेंदबाज जसप्रीत बुमराह को गेंदबाजी पर लगा सकता है. जीत के लिए 371 रन के लक्ष्य का पीछा करते हुए अनुभवी जो रूट और विकेटकीपर-बल्लेबाज जेमी स्मिथ सतर्कता से बल्लेबाजी कर रहे थे और टीम लक्ष्य के काफी करीब थी. स्मिथ ने हालांकि जडेजा के खिलाफ दो छक्के और एक चौका लगाकर टीम को पांच विकेट से यादगार जीत दिलाई.

बुमराह से था इंग्लैंड के बल्लेबाजों को बड़ा खतरा

जेमी स्मिथ ने ईएसपीनक्रिकइंफो से कहा, ‘उस समय टीम को ज्यादा रन की जरूरत नहीं थी. उस समय बुमराह के गेंदबाजी पर आने की संभावना कम थी लेकिन क्रिकेट में आप किसी भी चीज को लेकर पूरी तरह से सुनिश्चित नहीं हो सकते.’ इंग्लैंड का स्कोर उस समय पांच विकेट पर 355 रन था और टीम प्रबंधन को लगा कि अगर भारतीय कप्तान शुभमन गिल बुमराह को गेंद थमाते है तो विकेट गंवाने का खतरा होगा.

8 विकेट गंवाने के बाद टीम पर होता है दबाव

उन्होंने कहा, ‘आप नहीं जानते कि क्या होगा. मैं हमेशा अपनी टीम का समर्थन करता हूं लेकिन कुछ अच्छी गेंदें हो सकती हैं और अचानक आप 8 विकेट गंवाने के बाद दबाव में हो सकते हैं। ऐसे में मैंने मैच को जल्दी खत्म करने का फैसला किया.’ उन्होंने कहा, ‘मुझे पता था कि एक नयी गेंद आने वाली है और विकेट गिरने पर क्रिस वोक्स को बल्लेबाजी के लिए आना पड़ता लेकिन अगर मैं कुछ बड़े शॉट मार सका तो यह नौबत ही नहीं आयेगी.’

अंतिम दिन भारत ने विकेट के लिए जी तोड़ मेहनत की

स्मिथ ने यह भी कहा कि भारत ने अंतिम दिन विकेट चटकाने की पूरी कोशिश की लेकिन इंग्लैंड ने चीजों को सरल रखते हुए (आक्रामक और रक्षात्मक खेल का मिश्रण) बल्लेबाजी के लिए आसान परिस्थितियों का फायदा उठाते हुए जीत दर्ज की. इंग्लैंड ने चौथी पारी में बेन डकेट (149), जैक क्राउली (65), जो रूट (53 नाबाद) और जेमी स्मिथ (44 नाबाद) की शानदार बल्लेबाजी से आसान जीत दर्ज की. भारत अब दूसरे टेस्ट की तैयारी में जुटा है. मीडिया रिपोर्ट में कहा जा रहा है कि वर्कलोड कम करने के लिए बुमराह को दूसरे टेस्ट में आराम दिया जाएगा.

Show More

Daily Live Chhattisgarh

Daily Live CG यह एक हिंदी वेब न्यूज़ पोर्टल है जिसमें ब्रेकिंग न्यूज़ के अलावा राजनीति, प्रशासन, ट्रेंडिंग न्यूज, बॉलीवुड, बिजनेस, रोजगार तथा टेक्नोलॉजी से संबंधित खबरें पोस्ट की जाती है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button