राष्ट्रीय

मेरे भाई को शहजादा कहते हैं, ये शहजादे 4000 KM पैदल चले…’, प्रियंका गांधी का मोदी पर निशाना, PM को बताया- शहंशाह

कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी वाड्रा ने आज गुजरात के बनासकांठा में एक चुनावी जनसभा को संबोधित किया. इस दौरान उन्होंने राहुल गांधी को शहजादा कहने के लिए पीएम मोदी पर निशाना साधा और उन पर शहंशाह जैसा जीवन जीने का आरोप लगाया. प्रियंका गांधी ने कहा, ‘वो मेरे भाई को शहजादा बोलते हैं. मैं उनको बताना चाहती हूं, ये शहजादे 4000 किलोमीटर पैदल चले हैं. कन्याकुमारी से कश्मीर तक आपकी समस्याओं को सुनने के लिए पैदल चले हैं. मेरे भाइयों, बहनों, किसानों, मजदूरों से मिले हैं. और सबसे प्यार से मिलकर पूछा है कि तुम्हारे दिल में क्या मुश्किलें हैं, तुम्हारे जीवन में क्या समस्याएं हैं और हम उन्हें कैसे हल कर सकते हैं.’

उन्होंने आगे कहा, ‘और एक तरफ आपके शहंशाह… नरेंद्र मोदी हैं. महलों में रहते हैं. आपने कभी टीवी पर उनका चेहरा देखा है? एकदम साफ सुथरा सफेद कुर्ता, एक दाग नहीं है धूल का. एक बाल इधर से उधर नहीं होता है. वो कैसे समझ पाएंगे आपकी मजदूरी, आपकी खेती. कैसे समझ पाएंगे कि आप किस दलदल में धंसे हुए हो. महंगाई से आप दब चुके हो. हर तरफ महंगाई, मेरी बहनें… मिट्टी का तेल आज कितने का है? सब्जी खरीदने जाती हो, मिलती है क्या? भाव क्या है उसका.’

मोदी सरकार को महंगाई के मुद्दे पर घेरते हुए प्रियंका गांधी ने कहा, ‘पेट्रोल-डीजल का दाम क्या है मेरे किसान भाइयों? किस तरह से गुजारा कर रहे हो. खेती के हर सामान पर जीएसटी है. हर सामान महंगा हो चुका है. मेरी बहनें, अगर कोई त्योहार होता है… कुछ खरीदना पड़ता है… नए कपड़े, बच्चों के लिए कोई वर्दी खरीदनी पड़ती है, फीस भरनी पड़ती है, कोई बीमार पड़ जाता है… इलाज करानी पड़ती है तो क्या हालत होती है आपकी… ये मोदी नहीं जान सकते.’

कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी ने बीजेपी पर निशाना साधते हुए कहा, ‘जब ये लोग संविधान बदलने कि बात करते हैं, उसका मतलब है कि वे आपके अधिकारों को छीनना चाहते हैं. पीएम मोदी ने पिछले 10 साल में लोगों के अधिकार कम करने का काम किया है. पहेले के पीएम लोगों के बीच गांवों में जाते थे, लोगों की बातें और उनकी समस्याएं सुनते थे.  गुजरात ने पीएम मोदी को सबकुछ दिया, सत्ता दी. पर अब आप उनको देखते हैं, वह बड़े-बड़े लोगों के साथ दिखते हैं, पर कभी किसानों या गरीबों के बीच नहीं दिखेंगे. अपने संसदीय क्षेत्र वाराणसी में भी वह किसी गरीब के घर नहीं गए.’

पीएम मोदी कभी किसानों से नहीं मिलते: प्रियंका गांधी

प्रियंका गांधी ने कहा, ‘लाखों किसान पीएम के घर से 4 किमी दूर आंदोलन करते हैं, तो भी वह उनसे मिलने नहीं जाते. जब उनको पता चलता है कि चुनाव आ रहा है, वोट नहीं मिल रहा तब कानून बदल देते हैं. यहां राजपूत समाज की महिलाओं का कितना अपमान किया गया, पीएम मोदी ने क्या किया… उन्होंने प्रत्याशी हटाया? आपकी बात सुनी? हमें मौका मिला तो हम आपकी बातें सुनेंगे. उनका हल लाएंगे. पीएम मोदी की सरकार हमेशा महिला अत्याचारियों के साथ खड़ी रहती है. हाथरस हो, उन्नाव हो, ओलंपिक महिला खिलाड़ियों की बात हो.’

हमारी 55 साल सरकार रही, किसकी भैंस ली: प्रियंका

राहुल गांधी के अमेठी की जगह रायबरेली से चुनाव लड़ने को बीजेपी नेताओं द्वारा मुद्दा बनाए जाने पर भी प्रियंका गांधी ने बनासकांठा की रैली में प्रतिक्रिया दी. उन्होंने पूछा,  ‘पीएम मोदी गुजरात से चुनाव क्यों नहीं लड़ रहे? क्योंकि आपसे काम निकल चुका है, आपको भूल चुके हैं, आपसे कट चुके हैं. इसलिए वाराणसी जाकर चुनाव लडते हैं. चुनाव भारत में है, पाकिस्तान की बातें करते हैं. कहते है कांग्रेस एक्स-रे मशीन लाएगी और आपके मंगलसूत्र, भैंस ले जाएग. हमारी 55 साल सरकार रही, कब किसी की भैंस ले ली हमने? आज देश कह रहा है… बहुत हुई आपकी नौटंकी, हमारे लिए क्या किया इसका जवाब दीजिए.’

Show More

Daily Live Chhattisgarh

Daily Live CG यह एक हिंदी वेब न्यूज़ पोर्टल है जिसमें ब्रेकिंग न्यूज़ के अलावा राजनीति, प्रशासन, ट्रेंडिंग न्यूज, बॉलीवुड, बिजनेस, रोजगार तथा टेक्नोलॉजी से संबंधित खबरें पोस्ट की जाती है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button