‘होर्मुज स्ट्रेट का सिर्फ एक ही रास्ता’, IRGC की जहाजों को खुली धमकी, ट्रंप ने एक दिन बाद ही रोका ‘प्रोजेक्ट फ्रीडम’

तेहरान/वॉशिंगटन: ईरान की इस्लामिक रिवोल्यूशनरी गार्ड कोर (IRGC) नेवी ने होर्मुज जलडमरूमध्य से गुजरने की इच्छा रखने वाले जहाजों को नई चेतावनी दी है। IRGC नेवी ने कहा कि होर्मुज जलडमरूमध्य से गुजरते समय जहाज केवल उसके बताए रास्ते का ही इस्तेमाल करें। इसने कहा कि किसी दूसरे रास्ते का इस्तेमाल करना असुरक्षित होगा और इसके खिलाफ निर्णायक कार्रवाई की जा सकती है। इस बीच अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने कहा है कि प्रोजेक्ट फ्रीडम को कुछ समय के लिए रोक रहे हैं। उन्होंने एक दिन पहले ही इसे शुरू करने की घोषणा की थी।
IRGC नेवी की कार्रवाई की धमकी
IRGC नेवी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर एक पोस्ट में कहा, जलडमरूमध्य से गुजरने का इरादा रखने वाले सभी जहाजों को ईरान के पहले से घोषित गलियारे का इस्तेमाल करना होगा और रास्ते से किसी भी तरह के भटकाव पर कड़ी कार्रवाई की जाएगी। आईआरजीसी नेवी ने अपने बयान में पहले से तय रास्ते को जलडमरूमध्य से गुजरने का एकमात्र सुरक्षित रास्ता बताया है।
ईरान की तरफ से यह चेतावनी ट्रंप की उस घोषणा के बाद आई है, जिसमें उन्होंने जलडमरूमध्य से जहाजों को सुरक्षित रास्ता देने के लिए प्रोजेक्ट फ्रीडम शुरू करने की बात कही थी। ट्रंप ने कहा कि अमेरिकी नेवी उन जहाजों को फारस की खाड़ी से निकलने में मार्गदर्शन करेगी, जो महीने से वहां फंसे हुए हैं। हालांकि, अब उन्होंने इसे रोक दिया है।
अमेरिकी नेवी के जहाजों पर ईरान का हमला
इसके पहले सोमवार को दो अमेरिकी विध्वंसक जहाज होर्मुज स्ट्रेट को पार करके फारस की खाड़ी में पहुंचे थे। अमेरिका ने बताया था कि उसके जहाजों पर ईरान ने हमले किए थे, लेकिन उन्हें नाकाम कर दिया गया। ट्रंप ने कहा कि अमेरिकी नेवी ने ईरान की कम से कम 7 छोटी स्पीडबोट को नष्ट कर दिया। वहीं, ईरान ने अमेरिका पर युद्धविराम के उल्लंघन का आरोप लगाया और होर्मुज स्ट्रेट से दूर रहने की चेतावनी दी।
इस बीच राष्ट्रपति ट्रंप ने मंगलवार को ईरान की सैन्य क्षमता को खारिज कर दिया और कहा कि तेहरान का आत्मसमर्पण कर देना चाहिए। ट्रंप ने ओवल ऑफिस में कहा कि ईरान की सेना सिर्फ बच्चों वाले खिलौने ही चला सकती है। उन्होंने दावा किया कि ईरान समझौता करना चाहता है, लेकिन घमंड में ऐसा नहीं कर रहा। ट्रंप ने कहा कि वे सिर्फ खेल खेल रहे हैं, लेकिन मैं आपको बता दूं कि वे समझौता करना चाहते हैं। भला कौन नहीं चाहेगा, जब आपकी सेना पूरी तरह से खत्म हो चुकी हो?
हमने आपसी सहमति से तय किया है कि प्रोजेक्ट फ्रीडम को कुछ समय के लिए रोक दिया जाएगा, हालांकि नाकेबंदी पूरी तरह से लागू रहेगाी। ऐसा इसलिए किया जा रहा है ताकि यह देखा जा सके कि क्या समझौता अंतिम रूप ले पाता है और उस पर हस्ताक्षर हो पाते हैं या नहीं।-डोनाल्ड ट्रंप, अमेरिकी राष्ट्रपति
ट्रंप का प्रोजेक्ट फ्रीडम रोकने का ऐलान
राष्ट्रपति ट्रंप ने मंगलवार को कहा कि अमेरिका प्रोजेक्ट फ्रीडम को कुछ समय के लिए रोक देगा। ट्रंप ने एक दिन पहले ही इसे शुरू करने की घोषणा की थी, जिसका मकसद जलडमरूमध्य से जहाजों के लिए सुरक्षित आवाजाही सुनिश्चित करना था। ट्रंप ने ट्रुथ सोशल पर बताया कि पाकिस्तान और अन्य देशों के अनुरोध पर वह इस अभियान को रोक रहे हैं।



