मिडकैप-स्मॉलकैप स्टॉक्स में बिकवाली से बाजार में हाहाकार

सप्ताह के पहले कारोबारी दिन शेयर बाजार गिरावट के साथ बंद हुआ। सेंसेक्स और निफ्टी मामूली गिरावट के साथ लाल निशान में बंद हुए लेकिन मिडकैप और स्मॉलकैप स्टॉक्स में तगड़ी बिकवाली हुई। बॉम्बे स्टॉक एक्सचेंज (बीएसई) का बेंचमार्क इंडेक्स सेंसेक्स सोमवार को 73.48 अंक की गिरावट के साथ 81,151.27 के लेवल पर बंद हुआ। इसी तरह, नेशनल स्टॉक एक्सचेंज (एनएसई) का निफ्टी भी 72.95 अंक लुढ़ककर 24,781.10 के लेवल पर बंद हुआ। बीएसई मिडकैप 1.63 फीसदी तो स्मॉलकैप इंडेक्स 1.51 फीसदी टूटकर बंद हुआ। इसके चलते शेयर बाजार के निवेशकों की संपत्ति आज करीब 4.80 लाख करोड़ रुपए घट गई। ऑटो को छोड़कर बाकी सभी सेक्टोरल इंडेक्स भी लाल निशान में बंद हुए।
निवेशकों के ₹4.8 लाख करोड़ डूबे
बीएसई में लिस्टेड कंपनियों का कुल मार्केट कैपिटलाइजेशन आज 21 अक्टूबर को घटकर 453.35 लाख करोड़ रुपए पर आ गया, जो इसके पिछले कारोबारी दिन यानी शुक्रवार 18 अक्टूबर को 458.15 लाख करोड़ रुपए था। इस तरह BSE में लिस्टेड कंपनियों का मार्केट कैप आज करीब 4.08 लाख करोड़ रुपए घटा है या दूसरे शब्दों में कहें तो निवेशकों की संपत्ति में करीब 4.08 लाख करोड़ रुपए की गिरावट आई है।
सेंसेक्स के 5 सबसे ज्यादा चढ़ने वाले शेयर
बीएसई सेंसेक्स के 30 में से सिर्फ 9 शेयर आज हरे निशान में हुए। इसमें एचडीएफसी बैंक (HDFC Bank) के शेयरों में 2.83 फीसदी की सबसे अधिक तेजी रही। इसके बाद एशियन पेंट्स (Asian Paints), महिंद्रा एंड महिंद्रा (M&M), रिलायंस इंडस्ट्रीज (RIL) और मारुति सुजुकी (Maruti Suzuki) के शेयर 1.58 फीसदी से लेकर 0.46 फीसदी की तेजी के साथ बंद हुए।
सेंसेक्स के 5 सबसे ज्यादा गिरने वाले शेयर
वहीं सेंसेक्स के बाकी 21 शेयर आज गिरावट के साथ बंद हुए। इसमें कोटक महिंद्रा बैंक (Kotak Mahindra Bank) का शेयर 4.29 फीसदी की गिरावट के साथ टॉप लूजर्स रहा। वहीं बजाज फिनसर्व (Bajaj Finserv), इंडसइंड बैंक (Indusind Bank), अदाणी पोर्ट्स (Adani Ports) और अल्ट्राटेक सीमेंट (UltraTech Cement) के शेयरों में 1.93 फीसदी से 3.05% तक की गिरावट देखी गई।
एशियाई बाजारों का हाल
एशियाई बाजारों में, टोक्यो और हांगकांग में गिरावट रही, जबकि सियोल और शंघाई में तेजी रही। यूरोपीय बाजारों में गिरावट रही। शुक्रवार को अमेरिकी बाजार बढ़त के साथ बंद हुए। वैश्विक तेल बेंचमार्क ब्रेंट क्रूड 1. 04 प्रतिशत बढ़कर 73. 82 डॉलर प्रति बैरल पर पहुंच गया। अपने शुरुआती निचले स्तरों से उबरते हुए, बीएसई बेंचमार्क शुक्रवार को 218. 14 अंक मजबूत होकर 81,224. 75 पर बंद हुआ था। निफ्टी 104. 20 अंक बढ़कर 24,854. 05 पर बंद हुआ था।



