व्यापार

भारतीय रसोई में गैस छोड़कर बिजली का उपयोग शुरू करने की जरूरत

पश्चिम एशिया में चल रहे युद्ध ने खाड़ी देशों से कच्चे तेल, तरलीकृत प्राकृतिक गैस (एल.एन.जी.) और रिफाइनरी उत्पादों की आपूर्ति रोक दी है, जिससे भारत को खाना पकाने के लिए आयातित हाइड्रोकार्बन पर निर्भरता की वास्तविकता का एहसास हो गया है। अब समय आ गया है कि हम अपने रसोईघरों में तरल पैट्रोलियम गैस (एल.पी.जी.) और पाइपलाइन वाली प्राकृतिक गैस (पी.एन.जी.) का उपयोग कम करना शुरू करें। एल.पी.जी. मूल रूप से प्रोपेन और ब्यूटेन का मिश्रण है, जबकि पी.एन.जी. मुख्य रूप से मीथेन है, ठीक उसी तरह, जैसे संपीड़ित प्राकृतिक गैस (सी.एन.जी.), जिसका उपयोग वाहन पैट्रोल और डीजल के कम कार्बन वाले विकल्प के रूप में करते हैं। 

इसकी बजाय, हमें घरेलू कोयले और नवीकरणीय ऊर्जा स्रोतों से उत्पन्न बिजली से चलने वाले इलैक्ट्रिक स्टोव पर खाना पकाना चाहिए। चूंकि हमारे पास अपना कोयला है, इसलिए इसकी आपूर्ति विदेशों में युद्ध से बाधित नहीं हो सकती। न ही इसकी कीमत भू-राजनीतिक उतार-चढ़ाव से प्रभावित होती है। अब जबकि विद्युतीकरण दूरदराज के क्षेत्रों तक भी पहुंच गया है और घर बिजली ग्रिड से जुड़ गए हैं, जिनमें से कुछ छोटे जलविद्युत या नवीकरणीय परियोजनाओं द्वारा संचालित स्थानीय नैटवर्क हैं, एकमात्र चुनौती आपूर्ति की निरंतरता और वोल्टेज स्थिरता के संदर्भ में विश्वसनीयता है। यदि बिजली क्षेत्र में राजनीतिक मूल्य निर्धारण को हटा दिया जाए, तो बिजली कटौती के कारण होने वाली असुविधा चिंता का विषय नहीं रहेगी। हमारे प्रचुर मात्रा में कोयले के भंडार को निकालने के लिए व्यावसायिक खनिकों के चयन में भी राजनीति की भूमिका होती है। इसमें भी सुधार की गुंजाइश है।

आदर्श रूप से, खाना पकाने के लिए इंडक्शन स्टोव का उपयोग करना चाहिए, न कि सिरेमिक डिस्क पर बने खांचों में लिपटी हीटिंग कॉइल का। हीटिंग कॉइल गैस स्टोव की तरह ही काम करती है- यह खाना पकाने के बर्तन के बाहरी हिस्से को गर्म करती है, जिससे उसके अंदर रखे भोजन तक गर्मी पहुंचती है, लेकिन इस प्रक्रिया में काफी मात्रा में विकिरण ऊष्मा नष्ट हो जाती है। इसके विपरीत, इंडक्शन स्टोवटॉप के ऊपर एक विद्युत-चुंबकीय क्षेत्र बनाता है जो स्टोव की दीवार में कई छोटे-छोटे विद्युत धारा के भंवर उत्पन्न करता है। इस पर रखे बर्तन (यदि वह सही सामग्री का हो) के कारण, इलैक्ट्रॉन प्रवाह के प्रति बर्तन का प्रतिरोध उसे गर्म करता है और भोजन को पकाता है। हालांकि इंडक्शन स्टोव महंगे हो सकते हैं, क्योंकि उनके लिए विशेष बर्तनों की आवश्यकता होती है, लेकिन जो लोग इन्हें वहन कर सकते हैं, उन्हें इसके फायदों पर ध्यान देना चाहिए। ये अपनी विद्युत ऊर्जा का 85-90 प्रतिशत तापीय ऊर्जा में परिवर्तित करते हैं, जबकि गैस स्टोव की दक्षता केवल 40 प्रतिशत के आसपास होती है।

बॉटलिंग प्लांट में भरे गए एल.पी.जी. सिलैंडरों की डिलीवरी और ट्रकों द्वारा परिवहन में उपयोग की जाने वाली ऊर्जा को भी शामिल करें। शहरी पी.एन.जी. नैटवर्क में भी लागत आती है। लेकिन अतिरिक्त बिजली की मांग से होने वाले कार्बन उत्सर्जन का क्या? यह सच है कि हमारे पुराने बिजली संयंत्रों की तापीय दक्षता 40 प्रतिशत से कम है, जबकि नए संयंत्र 44 प्रतिशत तक तापीय दक्षता प्रदान करते हैं। दक्षता में प्रत्येक ङ्क्षबदू की वृद्धि का अर्थ है ईंधन की खपत और कार्बन डाइऑक्साइड उत्सर्जन में 2-3 प्रतिशत की कमी। गैस टर्बाइन, यदि स्टीम चक्र के साथ संयोजन में चलाए जाएं, तो 50 प्रतिशत से अधिक, 64 प्रतिशत तक की दक्षता प्राप्त कर सकते हैं। आदर्श रूप में, कोयले का गैसीकरण किया जाना चाहिए और इस गैस का उपयोग दोहरे चक्र वाले गैस टर्बाइनों के माध्यम से बिजली उत्पन्न करने के लिए किया जाना चाहिए।

भारत के जलवायु परिवर्तन संबंधी एजैंडे के साथ इलैक्ट्रिक कुकिंग कैसे मेल खाएगी? जीवन स्तर में सुधार के साथ, स्वाभाविक रूप से, हमारी प्रति व्यक्ति बिजली की खपत वैश्विक औसत के आधे से बढ़कर होगी, जो कि वर्तमान में है। हम आवागमन और घर के अंदर तापमान नियंत्रण के लिए अधिक बिजली का उपयोग करेंगे। रसोई को पूरी तरह से इलैक्ट्रिक बनाने से कुल बिजली की खपत में मामूली वृद्धि होगी। चुनौती यह है कि मांग को जिम्मेदारी से प्रबंधित करते हुए, दक्षता और न्यूनतम बर्बादी के साथ इस बिजली का उत्पादन कैसे किया जाए? 
हमें अपनी बिजली क्षमता बढ़ाने के साथ-साथ कार्बन कैप्चर और पुन: उपयोग के लिए भी व्यापक प्रयास करने होंगे। कैप्चर किए गए कार्बन को हीरे, ग्राफेन और कार्बन फाइबर से लेकर रेत के विकल्प और लंबी शृंखला वाले पॉलिमर तक विभिन्न सामग्रियों में परिवर्तित किया जा सकता है। यही सही रास्ता है। 

Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button