अंतर्राष्ट्रीय

‘जंग खत्म होने वाली है’, डोनाल्ड ट्रंप ने किया बड़ा दावा, ईरान को दे डाली आखिरी चेतावनी

Donald Trump Statement: मिडिल ईस्ट में अमेरिका, इजरायल और ईरान के बीच चल रहे तनाव के बीच अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने बड़ा बयान दिया है. ट्रंप ने कहा है कि यह जंग अब लगभग खत्म होने की स्थिति में है. साथ ही उन्होंने ईरान को सख्त चेतावनी भी दी है कि वह कोई भी गलत हरकत करने की कोशिश न करे. सोमवार को सीबीएस न्यूज से बातचीत में ट्रंप ने कहा कि यह युद्ध अब लगभग पूरी तरह खत्म हो चुका है.

दरअसल, 28 फरवरी को अमेरिका और इजरायल ने मिलकर ईरान पर सैन्य हमला किया था. यह संयुक्त सैन्य कार्रवाई धीरे धीरे बड़े टकराव में बदल गई. इसके बाद मिडिल ईस्ट के कई देश क्षेत्रीय युद्ध के कगार पर पहुंच गए थे. सीबीएस न्यूज के रिपोर्टरों से बात करते हुए ट्रंप ने कहा कि अब यह लड़ाई काफी हद तक खत्म हो चुकी है.

‘ईरान की सैन्य ताकत लगभग खत्म’

ट्रंप ने कहा कि ईरान की सैन्य क्षमता को बहुत बड़ा नुकसान हुआ है. उन्होंने कहा, “उनके पास अब नेवी नहीं बची है. उनका संचार तंत्र खत्म हो गया है और उनकी वायुसेना भी लगभग खत्म हो चुकी है. उनके मिसाइल तंत्र बिखर गए हैं. उनके ड्रोन हर जगह गिराए जा रहे हैं और ड्रोन बनाने वाली उनकी फैक्ट्रियां भी नष्ट कर दी गई हैं.” ट्रंप ने दावा किया कि सैन्य ताकत के मामले में तेहरान के पास अब लगभग कुछ भी नहीं बचा है.

जब यह युद्ध शुरू हुआ था तब ट्रंप ने कहा था कि ईरान के खिलाफ अमेरिका की कार्रवाई कम से कम चार से पांच हफ्ते तक चलेगी. लेकिन सोमवार को उन्होंने कहा कि अमेरिका अपनी तय समय सीमा से काफी आगे निकल चुका है और यह संघर्ष अब जल्द खत्म हो सकता है.

ईरान को ट्रंप की सख्त चेतावनी

अमेरिकी राष्ट्रपति ने ईरान को कड़ी चेतावनी भी दी. उन्होंने कहा कि इस्लामिक गणराज्य किसी भी तरह की चालाकी या नई हरकत करने की कोशिश न करे. ट्रंप ने कहा, ‘उन्होंने जो कुछ भी चलाना था, सब चला दिया है. अब अगर उन्होंने कोई भी चालाकी करने की कोशिश की तो यह उस देश का अंत हो जाएगा. अगर उन्होंने कुछ भी गलत किया तो ईरान खत्म हो जाएगा और फिर उसका नाम भी नहीं सुना जाएगा.’

होर्मुज जलडमरूमध्य पर भी बड़ा दावा

ट्रंप ने यह भी कहा कि होर्मुज जलडमरूमध्य अब खुला हुआ है और जहाज वहां से गुजर रहे हैं. उन्होंने दावा किया कि अमेरिका इस अहम समुद्री रास्ते को अपने नियंत्रण में लेने पर भी विचार कर रहा है.

रक्षा विभाग ने कहा- लड़ाई अभी शुरू

ट्रंप का यह बयान ऐसे समय आया है जब अमेरिका के रक्षा विभाग ने कहा है कि अमेरिका की लड़ाई अभी तो बस शुरू हुई है. मिडिल ईस्ट में बढ़े इस तनाव का असर दुनिया भर के बाजारों पर भी दिखाई दे रहा है. खास तौर पर तेल की कीमतों में उतार चढ़ाव देखा जा रहा है, क्योंकि यह इलाका दुनिया की तेल आपूर्ति का बड़ा केंद्र माना जाता है.

Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button