जरा हट के

घर से दिन-रात आती थी कुत्तों के भौंकने की आवाज, अंदर पहुंची रेस्क्यू टीम, नजारा देख उड़े होश!

दुनियाभर में बेजुबान जानवरों के प्रति क्रूरता और लापरवाही की खबरें तो आती रहती हैं, लेकिन कभी-कभी इंसान की एक छोटी सी गलती बेकाबू होकर ऐसी डरावनी तस्वीर पेश करती है कि यकीन करना मुश्किल हो जाता है. ऐसी ही एक घटना ब्रिटेन से सामने आई है, जहां एक घर के अंदर से दिन-रात कुत्तों के भौंकने की आवाज आती थी. एक दिन जब रेस्क्यू टीम उस घर में पहुंची तो अंदर का नजारा देख उनके होश उड़ गए. वहां पर छोटे से घर में उन्हें 250 से ज्यादा कुत्ते बंद मिले. बचाव कर्मियों ने पूडल-क्रॉस प्रजाति के इन कुत्तों को बेहद खराब स्थिति में पाया. यह पूरा झुंड एक ही परिवार का था, जिसने कुत्तों की ब्रीडिंग पर से नियंत्रण खो दिया था. इस तरह उनकी जनसंख्या बढ़ती चली गई और देखते ही देखते घर एक तबेले में तब्दील हो गया. इनमें से 87 कुत्तों को RSPCA ने अपने संरक्षण में ले लिया है, जबकि बाकी को डॉग्स ट्रस्ट को सौंप दिया गया है.

RSPCA की सुप्रीटेंडेंट जो हर्स्ट ने बताया कि यह फोटो कोई AI से नहीं बनी है, बल्कि यह एक कड़वी हकीकत है जिसे हमारे अधिकारी आए दिन देख रहे हैं. जब अच्छे इरादों वाले मालिक भी कुत्तों की बढ़ती संख्या के आगे बेबस हो जाते हैं, तो स्थितियां इसी तरह नियंत्रण से बाहर हो जाती हैं. बता दें कि इन 250 कुत्तों के बीच स्टीवी और सैंडी नाम के दो कुत्तों की कहानी ने हर किसी का दिल जीत लिया है. स्टीवी एक क्रीम रंग की कॉकर स्पैनियल है जो जन्म से अंधी और बहरी है. वह पूरी तरह से अपनी दोस्त सैंडी पर निर्भर है, जो उसकी गाइड बन गई है. घर में इतनी भीड़ और शोर के बावजूद सैंडी ने कभी स्टीवी का साथ नहीं छोड़ा. फिलहाल ये दोनों हर्टफोर्डशायर के साउथ्रिज एनिमल सेंटर में एक नए और प्यार करने वाले परिवार का इंतजार कर रहे हैं. इन दोनों ने कभी पट्टे पर चलना नहीं सीखा है, इसलिए इन्हें एक सुरक्षित और निजी गार्डन वाले घर की जरूरत है.

Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button