जरा हट के

दुकानदार सड़क पर फेंक रहा था कचरा, फिर सुबह पहुंची नगर निगम की टीम, सारा कूड़ा दुकान के आगे फेंका

यह घटना डेली बाजार इलाके की है। वहां एक गिफ्ट और किराने की दुकान का कर्मचारी अपनी दुकान का कचरा और गत्ते के डिब्बे सड़क पर फेंक रहा था। उसी दौरान यह पूरी घटना कैमरे में रिकॉर्ड हो गई।

असम के तिनसुकिया शहर से एक दिलचस्प और सीख देने वाली घटना सामने आई है। यहां नगर निगम के सफाई कर्मचारियों ने एक दुकानदार को सबक सिखाने का ऐसा तरीका अपनाया कि अब सोशल मीडिया पर लोग उनकी खूब तारीफ कर रहे हैं। दरअसल यह दुकानदार बार-बार अपनी दुकान का कचरा सड़क पर फेंक देता था। सफाई कर्मचारी कई बार अपील कर चुके थे, लेकिन जब दुकानदार ने अपनी हरकत नहीं सुधारी तो इस बार निगम ने कुछ अलग करने का फैसला लिया। तो आइए विस्तार से जानते हैं।

दुकान का कर्मचारी बाहर फेंक रहा था कचरा
यह घटना डेली बाजार इलाके की है। वहां एक गिफ्ट और किराने की दुकान का कर्मचारी अपनी दुकान का कचरा और गत्ते के डिब्बे सड़क पर फेंक रहा था। उसी दौरान यह पूरी घटना कैमरे में रिकॉर्ड हो गई। तभी तिनसुकिया नगर बोर्ड की टीम मौके पर पहुंची और दुकानदार को पकड़ लिया। जब उससे पूछा गया तो उसने खुद स्वीकार किया कि यह कचरा उसकी दुकान का ही है।

नगर निगम ने उठाया यह कदम
आमतौर पर नगर निगम ऐसे मामलों में जुर्माना लगाता है, लेकिन इस बार टीम ने सोचा कि केवल जुर्माना लगाने से दुकानदार अपनी हरकतें नहीं छोड़ेगा। इसलिए उन्होंने उसे सबक सिखाने के लिए एक नया तरीका अपनाया। अगले ही दिन सुबह नगर निगम की टीम JCB मशीन लेकर मौके पर पहुंची। उन्होंने रात को फेंका गया सारा कचरा उठाया और सीधा उसी दुकानदार की दुकान के सामने डाल दिया। ताकि जब वह सुबह दुकान पर पहुंचे तो उसका स्वागत उसी के फेंके गए कचरे से हो।

लोगों ने की तारीफ
नगर निगम की इस अनोखी कार्रवाई का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो गया। इंस्टाग्राम पर @thewhatup नाम के पेज ने यह वीडियो शेयर किया है। वीडियो को अब तक 1 लाख से ज्यादा लोग देख चुके हैं। लोग इस कदम की जमकर तारीफ कर रहे हैं और कह रहे हैं कि ऐसा तरीका हर उस शख्स के साथ अपनाना चाहिए जो सार्वजनिक जगहों को गंदा करता है। कमेंट्स में लोगों ने मजेदार प्रतिक्रियाएं भी दीं। एक यूजर ने लिखा, “अच्छा लगा, इंस्टाग्राम पर कुछ देखकर मुस्कुराया।” दूसरे ने इसे “UNO रिवर्स” कहा, यानी दुकानदार पर ही उसकी हरकत वापस लौटा दी गई। तीसरे ने लिखा, “ऐसा हर उस शख्स के साथ होना चाहिए जो पब्लिक जगहों पर कचरा फैलाता है।” वहीं एक और यूजर ने लिखा, “जैसे को तैसा। कुछ लोगों को सिविक सेंस सिखाना नहीं, बल्कि उनके दिमाग में ठोकना पड़ता है।”

Show More

Daily Live Chhattisgarh

Daily Live CG यह एक हिंदी वेब न्यूज़ पोर्टल है जिसमें ब्रेकिंग न्यूज़ के अलावा राजनीति, प्रशासन, ट्रेंडिंग न्यूज, बॉलीवुड, बिजनेस, रोजगार तथा टेक्नोलॉजी से संबंधित खबरें पोस्ट की जाती है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button