मनोरंजन

‘धुरंधर 2’ के मेकर्स का मास्टर प्लान, थिएटर्स में रिलीज होगा टीजर, इस फिल्म के साथ दिखेगी सीक्वल की पहली झलक!

नई दिल्ली. बॉलीवुड स्टार रणवीर सिंह की आने वाली फिल्म धुरंधर पार्ट 2 को लेकर दर्शकों के बीच भारी उत्साह है. साल 2025 की सबसे बड़ी ब्लॉकबस्टर रही इसके पहले पार्ट की सफलता के बाद अब हर कोई इसके दूसरे चैप्टर का इंतजार कर रहा है. आदित्य धर के डायरेक्शन में बनी यह धमाकेदार स्पाई थ्रिलर रिलीज के एक महीने बाद भी सिनेमाघरों में छाई हुई है. अब खबर है कि रणवीर सिंह की ‘धुरंधर 2’ का टीजर 23 जनवरी को सनी देओल की ‘बॉर्डर 2’ के साथ रिलीज किया जाएगा.

बॉलीवुड हंगामा की एक रिपोर्ट के मुताबिक, आदित्य धर ने ‘धुरंधर’ के एंड-क्रेडिट सीक्वेंस को दोबारा एडिट करके एक टीजर के रूप में तैयार किया है. इसे 23 जनवरी से ‘बॉर्डर 2’ के साथ दिखाया जाएगा. जानकारी के लिए बता दें कि दूसरे पार्ट का एक छोटा सा टीजर पहले पार्ट के अंत में भी दिखाया गया था, जिसकी क्लिप्स सोशल मीडिया पर खूब वायरल हुई थीं और फैंस को इस एक्शन से भरपूर सीक्वल की पहली झलक मिल गई थी. यह रिपोर्ट सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म रेडिट पर भी शेयर की गई है, जिस पर यूजर्स रिएक्ट कर रहे हैं.

‘धुरंधर 2’ के टीजर की खबर से झूम उठे फैंस

इस खबर के सामने आने के बाद फैंस की खुशी का ठिकाना नहीं है. एक फैन ने कमेंट करते हुए लिखा, ‘वाकई स्मार्ट मूव है! इस मैडनेस को महसूस करने के लिए बड़ा पर्दा ही सबसे सही जगह है’. दूसरे यूजर ने लिखा, ‘वाह! अब होगा असली डबल धमाका’. एक और फैन ने उत्सुकता जाहिर करते हुए लिखा, ‘अब तो बॉर्डर 2 थिएटर में जाकर देखने की एक और बड़ी वजह मिल गई है. सनी देओल की फिल्म और इस टीजर दोनों का बड़ी बेसब्री से इंतजार है’. एक अन्य यूजर ने लिखा, ‘मैं बहुत खुश हूं कि वे दूसरा पार्ट इतनी जल्दी रिलीज कर रहे हैं, वरना अक्सर हमें सालों इंतजार करना पड़ता है और तब तक हम कहानी ही भूल जाते हैं.’

क्या होगा धुरंधर पार्ट 2 की कहानी में?

आदित्य धर के निर्देशन में बनी धुरंधर असल जिंदगी की बड़ी घटनाओं से प्रेरित है, जैसे 1999 का IC-814 हाईजैकिंग, 2001 का संसद हमला और 2008 के मुंबई आतंकी हमले. सीक्वल में रणवीर सिंह के किरदार हमजा की पिछली कहानी दिखाई जाएगी, जिसमें ल्यारी में उसकी शुरुआत और उसके गुप्त एंटी-टेरर ऑपरेशन के पूरा होने का सफर दिखाया जाएगा.

इस दिन रिलीज होगी रणवीर सिंह की ‘धुरंधर 2’

बताते चलें कि धुरंधर की स्टारकास्ट में रणवीर सिंह के अलावा अर्जुन रामपाल, अक्षय खन्ना, संजय दत्त, आर माधवन और राकेश बेदी जैसे दिग्गज सितारे भी शामिल हैं. दूसरे पार्ट में भी यही सितारे नजर आएंगे. यह फिल्म 19 मार्च को सिनेमाघरों में दस्तक देगी, जहां इसकी सीधी टक्कर यश की फिल्म ‘टॉक्सिक: ए फेयरीटेल फॉर ग्रोनअप्स’ से होगी. वहीं सनी देओल की ‘बॉर्डर 2’ एक शानदार वॉर ड्रामा है. इस फिल्म में वरुण धवन, दिलजीत दोसांझ और अहान शेट्टी के साथ-साथ मोना सिंह, सोनम बाजवा, अन्या सिंह और मेधा राणा भी नजर आएंगी. यह फिल्म 23 जनवरी को सिनेमाघरों में रिलीज होने वाली है.

Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button