डायरिया और मलेरिया से हो रही मौत मामले में हाई कोर्ट ने अव्यवस्था पर मुख्य सचिव से मांगा जवाब

बिलासपुर। प्रदेश में डायरिया और मलेरिया से हो रही लगातार मौत मामले में हाई कोर्ट ने अव्यवस्था पर मुख्य सचिव से जवाब मांगा है. इस मामले में स्वत: संज्ञान लेते हुए आज हाई कोर्ट ने जनहित याचिका मानकर सुनवाई की.
बता दें कि जिले में 7 जुलाई से लेकर अब तक 501 मरीजों की डायरिया और मलेरिया की चपेट में आने की पुष्टि हो चुकी है. इनमें से 29 मरीज इलाज के बाद स्वस्थ हो चुके हैं, वहीं जिले के अलग अलग उप स्वास्थ्य केंद्रों और स्वास्थ्य केंद्रों में 72 मरीजों का इलाज अभी भी जारी है. इस बीच 2 लोगों की मलेरिया और 1 की डायरिया से मौत हो चुकी है. जिले में स्वास्थ्य सुविधाओं पर हर साल करोड़ों रुपए खर्च करने के बाद भी संक्रामक बीमारियों से लोगों की जान जा रही है. ऐसी घटनाओं पर हाई कोर्ट ने गंभीरता दिखाते हुए जनहित याचिका मानकर मामले की सुनवाई कर रहा है. चीफ जस्टिस के डिवीजन बेंच ने प्रदेश के मुख्य सचिव से जवाब मांगा है.



