इतिहास के पन्नों से निकली ‘स्वयंभू’, संसद के सेंगोल से है फिल्म का खास कनेक्शन, निखिल सिद्धार्थ ने खोला बड़ा राज

नई दिल्ली. साउथ सिनेमा के दीवानों के लिए एक बड़ी खबर आ रही है. निखिल सिद्धार्थ की मच-अवेटेड पीरियड ड्रामा फिल्म स्वयंभू जल्द ही बड़े पर्दे पर दस्तक देने वाली है. भारत कृष्णमाचारी के डायरेक्शन में बन रही इस फिल्म को लेकर दर्शकों के बीच भारी क्रेज है, जिसमें निखिल के साथ संयुक्ता और नभा नटेश भी लीड रोल में नजर आएंगी. इस बीच निखिल ने फिल्म के प्लॉट को लेकर एक बड़ा राज खोला है.
निखिल ने बताया कि ‘स्वयंभू’ की कहानी हमारे प्राचीन और पवित्र प्रतीक ‘सेंगोल’ से प्रेरित है. सेंगोल, जिसे न्याय, धर्म और अटूट शक्ति का प्रतीक माना जाता है, फिल्म की जान होने वाला है, निखिल के मुताबिक, स्वयंभू भारतीय इतिहास के उस गौरवशाली पन्ने को पर्दे पर लाएगी, जो सेंगोल के इतिहास से जुड़ा है.
संसद भवन में स्थापित है सेंगोल
एक्टर ने बताया कि सभी लोग सेंगोल को मुख्य रूप से प्राचीन राजदंड के रूप में जानते हैं, जिसे प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने नई संसद भवन के उद्घाटन के दौरान अपने साथ ले गए थे और वहां स्थापित किया था, लेकिन इसके पीछे की कहानी के बारे में बहुत कम लोग जानते हैं.
निखिल ने कहा, ‘सेंगोल सबसे पहले प्रभु श्रीराम ने अपने वंशजों को दिया था. यह सही शासन, न्याय और अच्छे तरीके से राज करने की शक्ति का प्रतीक है. इस सेंगोल ने भारत के इतिहास में लंबी यात्रा की है और महान चोल वंश जैसे साम्राज्यों में इसका विशेष महत्व रहा है. हमने सेंगोल और हमारे हीरो के इर्द-गिर्द एक काल्पनिक लेकिन रोचक कहानी बनाई है.’
इस दिन रिलीज होगी स्वयंभू फिल्म
भारत कृष्णमाचारी के डायरेक्शन में बनी यह फिल्म चोल साम्राज्य के दौरान एक स्वर्ण युग की स्थापना करती है, जो अपनी भव्यता के बारे में जानी जाती है. फिल्म को लेकर फैंस के मन में काफी उत्साह देखा जा रहा है. वहीं, इसका टीजर 11 फरवरी को दो शहरों में एक साथ आयोजित भव्य पैन-इंडिया इवेंट में लॉन्च किया जाएगा. फिल्म को लेकर अभी बाकी जानकारी गुप्त रखी गई है. फिल्म ‘स्वयंभू’ को पिक्सेल स्टूडियोज के भुवन और श्रीकर ने प्रोड्यूस किया है, जो 10 अप्रैल 2026 को दुनियाभर में रिलीज होगी.



