चालक से मारपीट कर फोर व्हीलर लेकर फरार हुए आरोपी

अंबिकापुर। सरगुजा जिले के अंबिकापुर में वाहन बुकिंग करवाने के बाद लूट का सनसनीखेज मामला सामने आया है। किराए पर गाड़ी बुक करने के बाद आरोपियों ने वाहन चालक के साथ मारपीट की और उसकी फोर व्हीलर गाड़ी लूटकर फरार हो गए। वाहन मालिक के अनुसार इस वारदात में चार आरोपी शामिल थे। पीड़ित की शिकायत पर पुलिस ने अपराध दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। यह घटना दरिमा थाना क्षेत्र की है।
जानकारी के अनुसार लूट के शिकार पीड़ित का नाम अंकित है। वह अंबिकापुर भट्टी रोड का रहने वाला है। अंकित फोर व्हीलर गाड़ी किराए पर देने का काम करता है।
कल सुबह करीब साढ़े दस बजे अंबिकापुर पुराना बस स्टैंड में चार युवक उसके पास आए और गाड़ी किराए पर लेने की बात कही। उन्होंने बताया कि उन्हें मैनपाट घूमने जाना है। तब अंकित ने बताया कि उसका ड्राइवर छुट्टी पर है। अंकित के अनुसार चारों युवकों ने उससे निवेदन किया कि उन्हें मैनपाट जाना जरूरी है। वे जल्द घूमकर वापस आ जाएंगे और शाम 7 बजे उनकी अंबिकापुर से वापसी भी है।
अंकित ने पुलिस को दी गई शिकायत में बताया है कि वह चारों युवकों को लेकर मैनपाट जाने के लिए निकला। वहां मुख्य-मुख्य जगहों पर घुमाने के बाद जब वह वापस लौट रहा था, तभी एक सुनसान जगह पर युवकों में से एक ने उल्टी आने का बहाना बनाकर गाड़ी रुकवाई। जैसे ही गाड़ी रुकी, पीछे बैठे एक युवक ने बेल्ट से उसका गला दबाने की कोशिश की, जबकि बाजू में बैठा युवक उसे दरवाजे से बाहर खींचने लगा। अंकित ने बताया कि किसी तरह वह गाड़ी से बाहर निकलकर खेत में कूद गया और खेत के रास्ते अपनी जान बचाते हुए भागा। इसके बाद वह सीधे थाने पहुंचकर शिकायत दर्ज कराई।
दरिमा थाना पुलिस ने मामले में अपराध दर्ज कर लिया है और आरोपियों की तलाश में जुट गई है। पुराना बस स्टैंड में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालकर आरोपियों की शिनाख्त की जा रही है।



