राजनीति

थरूर ने की पीएम की तारीफ तो बीजेपी ने कहा- अब नफरत करने वाले नए लोग चाहिए…

नई दिल्ली: कांग्रेस के दिग्गज और तिरुवनंतपुरम से सांसद शशि थरूर ने हाल ही में रूस-यूक्रेन युद्ध पर मोदी सरकार के रुख की जमकर तारीफ की। इस बात को लेकर बीजेपी ने कांग्रेस पर तंज कसा है। बीजेपी ने कहा कि ‘प्रधानमंत्री को अब नए नफरत करने वालों की जरूरत है क्योंकि पुराने तो उनके प्रशंसक बनते जा रहे हैं।’ बीजेपी आईटी सेल के प्रमुख अमित मालवीय ने थरूर के बयान का एक वीडियो एक्स पर शेयर किया। इसमें उन्होंने लिखा, ‘प्रधानमंत्री मोदी को नए नफरत करने वालों की जरूरत है, पुराने तो उनके प्रशंसक बनते जा रहे हैं।’

थरूर के बहाने बीजेपी ने कांग्रेस को घेरा

बीजेपी नेता संबित पात्रा ने भी कांग्रेस पर कटाक्ष करते हुए कहा कि मल्लिकार्जुन खरगे और राहुल गांधी को आगे आकर यूक्रेन-रूस संघर्ष पर थरूर के रुख की सराहना करनी चाहिए। पात्रा ने कहा कि थरूर कूटनीति को समझते हैं। वे लंबे समय तक संयुक्त राष्ट्र (UN) में रहे हैं। उन्होंने रूस-यूक्रेन संघर्ष में पीएम मोदी के रुख की सराहना की है। कांग्रेस के अन्य नेताओं को भी हर बार पीएम मोदी और देश के खिलाफ बोलने के बजाय शशि थरूर से सीखना चाहिए। मल्लिकार्जुन खरगे और राहुल गांधी को आगे आकर शशि थरूर के रुख की सराहना करनी चाहिए।

थरूर ने आखिर कहा क्या है…

दरअसल, रायसीना डायलॉग में एक पैनल डिस्कशन के दौरान शशि थरूर ने माना कि उन्होंने पहले भारत की कूटनीतिक नीति की आलोचना करके गलती की थी। थरूर ने कहा कि मुझे अपनी गलती का एहसास हो रहा है क्योंकि मैं वही व्यक्ति था, जिसने फरवरी 2022 में संसद में भारत के रुख की आलोचना की थी। हालांकि, अब तीन साल बाद थरूर को महसूस हुआ कि भारत की नीति सही थी। भारत ने दोनों देशों के साथ दोस्ती निभाकर सही काम किया है।

रूस-यूक्रेन जंग से जुड़ा है मामला

थरूर ने अपनी पुरानी बात को समझाते हुए कहा कि मैंने UN चार्टर के उल्लंघन की बात कही थी। यूक्रेन की संप्रभुता का उल्लंघन हुआ था। हमने हमेशा सीमाओं की रक्षा और अंतरराष्ट्रीय विवादों को ताकत से सुलझाने के खिलाफ आवाज उठाई थी। इन सभी सिद्धांतों का उल्लंघन हुआ था, इसलिए हमें इसकी निंदा करनी चाहिए थी।

उन्होंने आगे कहा कि लेकिन तीन साल बाद मुझे लग रहा है कि मैं गलत था। भारत की नीति ने यह सुनिश्चित किया है कि हमारे प्रधानमंत्री यूक्रेन और रूस के राष्ट्रपति दोनों को गले लगा सकते हैं और दोनों जगह उनका स्वागत होता है। इसलिए, भारत शांति स्थापित करने में मदद कर सकता है, जो बहुत कम देश कर सकते हैं।

थरूर ने की मोदी सरकार की तारीफ तो बीजेपी हुई खुश

BJP नेता रविशंकर प्रसाद ने भी थरूर के बयान का स्वागत किया। उन्होंने कहा कि मोदी सरकार के फैसले देश के हित में हैं। रविशंकर प्रसाद ने कहा कि उन्हें लगता है कि रूस-यूक्रेन युद्ध पर थरूर ने जो कमेंट किए थे, वे सही नहीं थे। भारत सरकार की नीतियां सही थीं। देर आए दुरुस्त आए। मोदी सरकार के फैसले देश के हित में हैं, शशि थरूर ने जिस तरह से माना है, कांग्रेस के अन्य नेताओं को भी ऐसा ही करना चाहिए। वहीं थरूर के ताजा बयान से राजनीतिक गलियारों में चर्चा तेज हो गई है। कई लोग इसे कांग्रेस के भीतर बदलते विचारों का संकेत मान रहे, वहीं, बीजेपी इसे अपनी नीतियों की जीत के तौर पर देख रही है।

Show More

Daily Live Chhattisgarh

Daily Live CG यह एक हिंदी वेब न्यूज़ पोर्टल है जिसमें ब्रेकिंग न्यूज़ के अलावा राजनीति, प्रशासन, ट्रेंडिंग न्यूज, बॉलीवुड, बिजनेस, रोजगार तथा टेक्नोलॉजी से संबंधित खबरें पोस्ट की जाती है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button